अंत्योदय योजना में बड़ा बदलाव: मिलेगा कम राशन, किन लोगों पर पड़ेगा असर?
अंत्योदय अन्न योजना के तहत अब परिवार के सदस्यों की संख्या के आधार पर अनाज मिलेगा, जिसमें प्रत्येक सदस्य को ...और पढ़ें

अंत्योदय अन्न योजना में हो सकता है बड़ा बदलाव (AI जेनरेटेड फोटो)
HighLights
प्रत्येक सदस्य को 7 किलोग्राम अनाज मिलेगा।
परिवार को अधिकतम 35 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा।
पांच से कम सदस्यों वाले परिवार प्रभावित होंगे।
अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। अंत्योदय अन्न योजना के तहत खाद्यान्न वितरण का फॉर्मूला बदलने जा रहा है। अभी इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को हर महीने 35 किलोग्राम अनाज मिलता है। परिवार में सदस्यों की संख्या चाहे जितनी कम हो, अनाज की मात्रा कम नहीं होती।
नई व्यवस्था में परिवार के बजाय अब सदस्यों की संख्या के आधार पर अनाज मिलेगा। प्रत्येक सदस्य को सात किलोग्राम अनाज मिलेगा, लेकिन किसी भी परिवार को कुल 35 किलोग्राम से अधिक खाद्यान्न नहीं दिया जाएगा।
किन लोगों पर पड़ेगा असर?
इसका सीधा असर पांच से कम सदस्यों वाले परिवारों पर पड़ सकता है। उनका मासिक राशन मौजूदा व्यवस्था की तुलना में घट जाएगा। वहीं पांच या उससे अधिक सदस्यों वाले परिवारों को पहले की तरह अधिकतम 35 किलोग्राम अनाज मिलता रहेगा। यह प्रस्ताव सिर्फ अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों के लिए है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाले लोगों को पहले की तरह प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलोग्राम खाद्यान्न मिलता रहेगा। देश में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगभग 81 करोड़ लोग लाभान्वित होते हैं। इनमें करीब 7.8 करोड़ लाभार्थी अंत्योदय अन्न योजना के दायरे में आते हैं, जो लगभग 2.30 करोड़ परिवारों से जुड़े हैं।
यदि प्रस्तावित संशोधन लागू होता है तो सबसे अधिक असर पांच से कम सदस्यों वाले अंत्योदय परिवारों पर पड़ेगा, जबकि पांच या उससे अधिक सदस्यों वाले परिवारों के लिए खाद्यान्न की अधिकतम मात्रा में कोई बदलाव नहीं होगा।
हालांकि, यह बदलाव तुरंत लागू नहीं होने जा रहा है। सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (संशोधन) विधेयक-2026 का मसौदा सार्वजनिक सुझावों के लिए जारी किया है। इस पर 13 जुलाई तक सुझाव मांगे गए हैं।
सुझावों पर विचार के बाद विधेयक को अंतिम रूप दिया जाएगा और फिर संसद में पेश किया जाएगा। दोनों सदनों से पारित होने तथा अधिसूचना जारी होने के बाद ही नई व्यवस्था लागू होगी।
सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए)-2013 में संशोधन का प्रस्ताव रखते हुए कहा है कि मौजूदा व्यवस्था में छोटे और बड़े परिवारों के बीच खाद्यान्न वितरण में असमानता है।
अभी दो सदस्य वाले परिवार और सात एवं उससे अधिक सदस्य वाले परिवारों को समान रूप से 35 किलोग्राम अनाज मिलता है। इससे छोटे परिवारों को प्रति व्यक्ति अधिक और बड़े परिवारों को प्रति व्यक्ति कम अनाज मिलता है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रति व्यक्ति सात किलोग्राम खाद्यान्न देने का प्रविधान किया जा रहा है। मतलब दो सदस्यों वाले परिवार को 14 किलोग्राम, तीन सदस्य वाले परिवार को 21 किलोग्राम और चार सदस्य वाले परिवार को 28 किलोग्राम अनाज मिलेगा।
पांच सदस्य वाले परिवार को 35 किलोग्राम तो मिलेगा, लेकिन छह, सात या उससे अधिक सदस्य होने पर भी अधिकतम 35 किलोग्राम अनाज ही दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भारत दौरे पर आएंगी जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकइची, 16वें शिखर सम्मेलन में किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
