प. बंगालः पुरुलिया में फिर लटका मिला कार्यकर्ता का शव, BJP-TMC में बढ़ी रार, CID जांच के आदेश
भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के दो दिन बाद पश्चिम बंगाल में एक और युवक दुलाल कुमार का शव लटका मिला है। इस मौत के बाद भाजपा और टीएमसी में सियासी वार-पलटवार और तेज हो गए हैं।
नई दिल्ली [ जेएनएन ]। भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के दो दिन बाद पश्चिम बंगाल में एक और युवक दुलाल कुमार का शव लटका मिला है। इस मौत के बाद भाजपा और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस में सियासी वार-पलटवार और तेज हो गया है। भाजपा का आरोप है कि दुलाल उनका कार्यकर्ता था और उसकी हत्या हुई है। तृणमूल कांग्रेस ने उल्टा भाजपा पर पलटवार किया है और दुलाल की मौत में भाजपा, बजरंग दल और माओवादी की मिलीभगत होने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दोनों मामलों की सीआइडी जांच के आदेश दिए हैं।
पश्चिम बंगाल के बलरामपुर विधानसभा के दाहा गांव में शनिवार सुबह दुलाल कुमार का शव एक हाईटेंशन टावर से लटका मिला। बताया जाता है कि दुलाल भाजपा की ओर से आयोजित तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन में भाग लेने गया था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। देर रात जब दुलाल को फोन किया गया तो दूसरी ओर से फोन काट दिया गया। पुलिस को पास के खेतों से उसकी मोटरसाइकिल मिली। उसके बाद सुबह उन्हीं खेतों में स्थित हाईटेंशन टावर पर उसका शव लटका मिला।
भाजपा का आरोप- दुलाल की हुई हत्या
दुलाल कुमार की मौत को भाजपा हत्या बता रही है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया और कहा कि उनके एक और कार्यकर्ता की पश्चिम बंगाल में हत्या कर दी गई। अमित शाह ने इसे शर्मनाक और अमानवयी करार दिया। साथ ही तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था संभाल ने पाने के आरोप लगाए। अमित शाह ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
विजयवर्गीय की मांग- पोस्टमॉर्टम की हो वीडियोग्राफी
भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा है कि दुलाल की हत्या हुई है। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया है। विजयवर्गीय ने दुलाल के पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी की मांग की है।
इसके अलावा कैलाश विजयवर्गीय ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी पत्र लिखा है। कैलाश ने लिखा है- 'हमें सरकार, पुलिस और सीआइडी पर विश्वास नहीं हैं। हम चाहतें है कि मानवाधिकारर आयोग इस पूरे मामले की तफ्सील से जांच करे।'
टीएमसी का पलटवार
उधर, भाजपा की ओर से लगाए आरोपों पर सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने ट्विटर पर ही पलटवार किया। ब्रायन ने कहा कि हम ऐसी हत्या की निंदा करते हैं। सभी पक्षों से मामले की जांच हो और इस जघन्य कृत्य के अपराधियों को दंडित किया जाना चाहिए।
ब्रायन ने इन घटनाओं में भाजपा, बजरंग दल और माओवादी की मिलीभगत का भी इशारा किया है। ब्रायन ने दोनों मामलों के झारखंड़ सीमा से सटे इलाके में होने पर भी सवाल खड़े किए हैं और कहा कि झारखंड सीमा की इसमें क्या भूमिका हो सकती है। गौरतलब है कि मौत के दोनों मामले जिस इलाके में हुए हैं, वह पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है। इससे पहले एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या भी इसी इलाके में हुई है।