Move to Jagran APP

बर्फ में दबा एक और शव बरामद, तीन लोग अब भी लापता, -15 डिग्री तापमान में जारी है बचाव अभियान

शुक्रवार सुबह स्थानीय श्रमिकों का एक दल टिप्पर में सवार होकर कारगिल-लेह हाईवे पर खारदुंगला दर्रे से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वहां हिमस्खलन हो गया।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Published: Sat, 19 Jan 2019 10:32 PM (IST)Updated: Sat, 19 Jan 2019 10:32 PM (IST)
बर्फ में दबा एक और शव बरामद, तीन लोग अब भी लापता, -15 डिग्री तापमान में जारी है बचाव अभियान
बर्फ में दबा एक और शव बरामद, तीन लोग अब भी लापता, -15 डिग्री तापमान में जारी है बचाव अभियान

राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख के खारदुंगला टॉप इलाके में हिमस्खलन में लापता हुए लोगों को बचाने में जुटी सेना और अन्य एजेंसियों के राहत दल ने शनिवार को बर्फ में दबे एक और व्यक्ति का शव बरामद किया। इसके साथ ही हिमस्खलन में मरने वालों की संख्या सात हो गई है। वहीं, तीन अन्य की तलाश जारी है।

loksabha election banner

जिला उपायुक्त लेह अवनी लवासा ने बताया कि बचाव कर्मियों ने बर्फ में दबे लोगों का पता लगाने के लिए अपना अभियान सूरज की पहली किरण के साथ शुरू किया। इसमें अत्याधुनिक सेंसरों और खोजी कुत्तों की मदद भी ली गई। करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद बचाव कर्मियों ने बर्फ में दबे एक और व्यक्ति को ढूंढ निकाला। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लगातार बर्फ में दबे रहने से उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि सातों शव उनके परिजनों के पास जंस्कार पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर का बंदोबस्त किया गया है।

बता दें कि यह अभियान 18 हजार फिट की ऊंचाई पर -15 डिग्री तापमान में चल रहा है। शनिवार को भी शुक्रवार की तरह करीब 10 घंटे अभियान चला। रविवार सुबह फिर से अन्य तीन लापता लोगों की तलाश की जाएगी।

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह स्थानीय श्रमिकों का एक दल टिप्पर में सवार होकर कारगिल-लेह हाईवे पर खारदुंगला दर्रे से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वहां हिमस्खलन हो गया। बर्फ के बड़े-बड़े तोदे टिप्पर पर गिरे, जो उसे अपने साथ करीब सड़क से नीचे 800 मीटर दूर तक ले गए और वाहन व उसमें सवार सभी लोग बर्फ के नीचे दब गए थे। इसके बाद सेना के विशेष बचाव दस्ते ने हेलीकॉप्टर की मदद से मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.