कसाब का ही अक्स है आतंकी नावेद
करीब सात साल पहले मुंबई में हुए आतंकी हमले के दौरान पकड़े गए आमिर अजमल कसाब के बाद अब दूसरा जिंदा पाकिस्तानी आतंकी सुरक्षा बलों के हाथ आया है। कसाब से मिलती-जुलती शक्ल वाले मुहम्मद नावेद के पकड़े जाने से आतंकवाद पर पाकिस्तान का खूनी खेल एक बार फिर बेनकाब
नई दिल्ली। करीब सात साल पहले मुंबई में हुए आतंकी हमले के दौरान पकड़े गए आमिर अजमल कसाब के बाद अब दूसरा जिंदा पाकिस्तानी आतंकी सुरक्षा बलों के हाथ आया है। कसाब से मिलती-जुलती शक्ल वाले मुहम्मद नावेद के पकड़े जाने से आतंकवाद पर पाकिस्तान का खूनी खेल एक बार फिर बेनकाब हो गया है। इन दोनों की बहुत-सी बातें भी एक-दूसरे से मिलती-जुलती हैं।
1. आतंकी मोहम्मद अजमल आमिर कसाब और आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब उर्फ कासिम उर्फ उस्मान दोनों ही पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बाशिंदे हैं। कसाब फरीदकोट का था और नावेद फैसलाबाद का है।
2. कसाब और नावेद दोनों लश्कर ए तैयबा के आतंकी। कसाब को गुलाम कश्मीर के मुजफ्फराबाद और सिंध प्रांत के थïट्टा में आतंकी प्रशिक्षण मिला। जबकि नावेद की लश्कर के कैंपों में दो तरह की ट्रेनिंग हुई।
3. कसाब को मुंबई में और नावेद कश्मीर के उधमपुर में लोगों पर गोलीबारी करते उन्हें बंधक बनाते हुए जिंदा पकड़ा गया।
4. मुंबई के चौपाटी में भीड़ से पिटने के बीच निहत्थे पुलिस सब इंस्पेक्टर तुकाराम ओम्बले के हाथों गिरफ्तार हुआ। वहीं नावेद को उधमपुर में उसी के बंधक बने तीन जांबाज लोगों ने काबू कर पुलिस के हवाले किया।
5. कसाब के गोलीबारी करते सीसीटीवी फुटेज मिलीं और अखबारों में तस्वीरें प्रकाशित हुईं। आतंकी नावेद ने मुस्कुरा-मुस्कुराकर खुद ही न्यूज चैनल के कैमरे पर अपना जुर्म कबूल लिया।
6. कसाब समुद्र के रास्ते मुंबई में नौ अन्य आतंकियों के साथ घुसा लेकिन बस वही जीवित पकड़ा गया। नावेद उत्तरी कश्मीर के बारामुला के जंगल के रास्ते अन्य चार आतंकियों के साथ भारत में घुसा और जीवित पकड़ा गया।
7. कसाब और नावेद के पास से एके रायफलें और हैंड ग्रेनेड मिले।
8. दोनों आतंकियों की कद-काठी से लेकर शक्ल और हेयरस्टाइल तक मिलती-जुलती है। इनकी समानता इस हद तक है कि ये देखने में भाई लगते हैं।
9. दोनों ही आतंकी बालिग हैं। दोनों की ही उम्र हमले के समय बीस वर्ष के करीब थी।
10. इन दोनों ने ही हमले के समय गहरे नीले रंग की शर्ट पहनी थी।