आंध्र प्रदेश: रात में सो रही थीं 9वीं क्लास की 10 छात्राएं, सुबह उठीं तो कटी मिलीं चोटियां; हॉस्टल में खौफ का माहौल
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के हॉस्टल में सोते समय 9वीं कक्षा की 10 छात्राओं ...और पढ़ें

हॉस्टल में 10 छात्राओं की चोटियां रहस्यमय तरीके से कटीं( फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
विशाखापट्टनम हॉस्टल में 10 छात्राओं की चोटियां रहस्यमय तरीके से कटीं।
घटना के बाद छात्राओं और अभिभावकों में भारी दहशत का माहौल।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, चार कर्मचारियों को नोटिस जारी।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के भीमली स्थित एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक बेहद अजीब और खौफनाक घटना सामने आई है। यहाँ के रेजिडेंशियल स्कूल के हॉस्टल में सो रही 9वीं कक्षा की 10 छात्राओं की रहस्यमयी परिस्थितियों में चोटियां कट गईं। इस घटना के सामने आने के बाद से हॉस्टल में रह रही छात्राओं और उनके अभिभावकों के बीच भारी दहशत का माहौल है।
रात में सोते समय काटी चोटियां
यह घटना 16 सितंबर की देर रात भीमली के कृष्णपुरम स्थित हॉस्टल में हुई। यहां 9वीं कक्षा की करीब 38 छात्राएं दो अलग-अलग कमरों में सो रही थीं। तभी एक कमरे की 6 और दूसरे कमरे की 4 लड़कियों को अचानक एहसास हुआ कि उनके सिर के बाल कटे हुए हैं। सुबह बाल कटे देखकर छात्राएं बुरी तरह डर गईं और तुरंत इसकी जानकारी स्कूल प्रशासन को दी।
CCTV के जरिए मामले की जांच जारी
घटना के बाद पहले बाहरी अज्ञात व्यक्ति की घुसने की आशंका जताई जा रही थी। जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। हालांकि पुलिस और स्कूल प्रशासन अब इस पहलू के साथ हॉस्टल की छात्राओं की संलिप्तता की भी गहनता से जांच कर रहा है।
भीमली के इंस्पेक्टर जी दिवाकर ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने छात्राओं से बातचीत की है और हॉस्टल में लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि रात में हुई वारदात का पता लग सके।
स्थानीय विधायकों ने की छात्राओं से बात
घटना की गंभीरता को देखते हुए भीमली के स्थानीय विधायक घंटा श्रीनिवास राव ने रविवार को स्कूल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित छात्राओं और उनके अभिभावकों के साथ स्कूल प्रबंधन से भी बात की। विधायक ने कहा, 'हॉस्टल के अंदर किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश करना मुश्किल लगता है। CCTV फुटेज की पूरी जांच से जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।'
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाते हुए लापरवाही के आरोप में हॉस्टल की प्रिंसिपल, ड्यूटी पर मौजूद शिक्षिका और रात की महिला वॉचमैन समेत चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
छात्राओं की कराई जा रही काउंसलिंग
इस अजीबोगरीब घटना के बाद से डरी सहमी छात्राओं के लिए स्कूल में काउंसलिंग सत्र शुरू किए गए हैं, ताकि उनके मन से डर को निकाला जा सके। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं, हालांकि अभी तक बाल काटने की असली वजह और जिम्मेदार व्यक्ति का पता नहीं चल सका है।
