विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंध्र प्रदेशः चक्रवात मुरासु में फंसे नौ मछुआरों में चार के शव मिले, पांच की तलाश जारी

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:11 PM (IST)

चक्रवात मुरासु के दौरान आंध्र प्रदेश तट पर नाव पलटने से लापता हुए तमिलनाडु के नौ मछुआरों में से चार ...और पढ़ें

बचाव अभियान की तस्वीर (फाइल)

बचाव अभियान की तस्वीर (फाइल)

HighLights

  1. चक्रवात मुरासु में लापता चार मछुआरों के शव बरामद।

  2. आंध्र प्रदेश तट पर नाव पलटने से हुआ था हादसा।

  3. शेष पांच मछुआरों की तलाश अभी भी जारी है।

पीटीआई, ओंगोल। चक्रवात मुरासु के आने से मची तबाही के मंजर अब भी दिख रहे हैं। मुरासु की वजह से आंध्र प्रदेश तट के पास समुद्र में नाव पलटने से लापता हुए तमिलनाडु के चार मछुआरों के शव बरामद कर लिए गए हैं।


एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि हाल ही में 'मुरासु' चक्रवात के दौरान ये हादसा हुआ था। अब चारों मछुआरों के शव बरामद हो गए हैं।

डीएम पी. राजा बाबू ने दी जानकारी

प्रकाशम जिले के कलेक्टर पी. राजा बाबू ने बताया कि मछुआरे 29 अक्टूबर को चेन्नई से समुद्र में गए थे। चक्रवात को देखते हुए उन्हें अपनी नावें सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सलाह दी गई थी। इसके बाद चारों नाव आंध्र प्रदेश के तट पर खड़ी की गईं। इनमें तीन रामायपट्टनम बंदरगाह पर और एक निजामपट्टनम बंदरगाह पर खड़ी थीं।

कुल नौ मछुआरे हुए लापता

डीएम बाबू ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि'मुरासु' चक्रवात के दौरान आंध्र प्रदेश तट के पास नाव पलटने से लापता हुए तमिलनाडु के चार मछुआरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल नौ मछुआरे लापता हो गए थे। बाकी लापता हुए लोगों की तलाश जारी है।

तीन शव बहकर आए, एक को तलाशी अभियान के दौरान खोजा

अब तक मिले चार शवों में से तीन कोथापट्टनम के तट पर बहकर आ गए थे, जबकि एक अन्य शव को तलाशी अभियान के दौरान निकाला गया। चारों शवों को स्थानीय सरकारी जनरल अस्पताल (GGH) में भेजा जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि उन्होंने तमिलनाडु के अधिकारियों से बात की है, जो आंध्र प्रदेश आ रहे हैं।

नाव को वापस लाने की हो रही तैयारी

डीएम ने बताया कि पलटी हुई नाव को भी तट पर लाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। बाबू ने कहा कि बाकी पांच मछुआरों की तलाश जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद चारों शव तमिलनाडु के अधिकारियों को सौंप दिए जाएंगे।

बिना सूचना के समुद्र में चले गए थे नौ मछुआरे

कलेक्टर ने बताया कि तमिलनाडु के अधिकारियों ने दो नवंबर को पुष्टि की थी कि सभी मछुआरे और उनकी नावें संबंधित बंदरगाहों पर सुरक्षित हैं। हालांकि, उन्होंने बताया कि 3 नवंबर को निजामपट्टनम बंदरगाह पर खड़ी नाव में सवार नौ मछुआरों ने आंध्र प्रदेश या तमिलनाडु के अधिकारियों को सूचित किए बिना, अपने साथियों के पास जाने के लिए रामायपट्टनम की ओर बढ़ना शुरू कर दिया।

तेज हवा की चपेट में आकर नाव पलटी

डीएम ने आगे बताया कि रामायपट्टनम जाते समय नाव तेज हवाओं और भीषण चक्रवात की चपेट में आ गई और पलट गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कोस्ट गार्ड (तटरक्षक बल) को सतर्क किया गया और बचाव अभियान शुरू करने का अनुरोध किया गया।

सभी मछुआरों की हुई पहचान

उन्होंने कहा कि नौ मछुआरों की पहचान कर ली गई है और तमिलनाडु सरकार ने उनके नाम और तस्वीरें साझा की हैं। इस बीच, तमिलनाडु सरकार ने आंध्र प्रदेश में अधिकारियों की एक टीम भेजने की घोषणा की है। इस टीम में मत्स्य विभाग के एक सहायक निदेशक भी शामिल हैं, जो मृतकों की पहचान की पुष्टि करेंगे और लापता लोगों के बारे में जानकारी लेंगे।

मंगलवार तड़के, 'मुरसु' नामक भीषण चक्रवाती तूफान ने नेल्लोर और नरसपुर के बीच, ओंगोल के पास, दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार किया, जिससे भारी नुकसान हुआ है।

तेलंगाना में 10 रुपये बनी कंडक्टर की मौत की वजह, चलती बस से महिला ने दिया था धक्का

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।