'ऐसे साइको का एनकाउंटर कर देना चाहिए', आंध्र प्रदेश के स्कूल में आरी से घायल पीड़िता के परिवार ने की मांग
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक सरकारी स्कूल में 10वीं की छात्रा पर एकतरफा प्यार में जानलेवा हमला किया ...और पढ़ें

आंध्र प्रदेश के स्कूल में घुसकर लड़की पर आरी से हमला मामला।
HighLights
अनंतपुर स्कूल में छात्रा पर आरी से जानलेवा हमला हुआ।
एकतरफा प्यार में आरोपी ने दो छात्राओं को घायल कर दिया।
पीड़िता के दादा ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे युवक ने दसवीं क्लास की एक छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावर ने इसके लिए एक खतरनाक औजार यानी आरी का इस्तेमाल किया, जिससे दो स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों का माहौल है।
समझिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 21 साल के हेमंत उर्फ डुम्मु के रूप में हुई है, जो श्री सत्य साईं जिले का रहने वाला है। वह पीड़िता का चाचा रिश्ते में) बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी लड़की से एकतरफा प्यार करता था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। लड़की द्वारा उसके प्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद उसने इस खौफनाक हमले को अंजाम दिया। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
परिवार बोला- हमें कभी अंदाजा नहीं था
घायल छात्रा के दादा मुदगा कटमैया ने एनडीटीवी से बात करते हुए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि हमें परिवार में कभी नहीं पता था कि इस साइको किस्म के इंसान को हमारी बेटी से एकतरफा प्यार है। अगर पता होता, तो हम बहुत सावधान रहते। उसने कभी हमें धमकी नहीं दी थी और न ही कभी कोई इशारा किया था। वह अचानक स्कूल में घुसा और हमारी बेटी पर हमला कर दिया।
एनकाउंटर कर देना चाहिए- पीड़िता के दादा
पोती के घायल होने से गुस्से में भरे दादा ने पुलिस के सामने मांग रखी है कि हम चाहते हैं कि पुलिस इस साइको का एनकाउंटर कर दे। हालांकि, उन्होंने राहत की सांस लेते हुए बताया कि अब उनकी पोती खतरे से बाहर है, लेकिन उसकी कुछ और सर्जरी होनी बाकी हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनकी आर्थिक मदद कर रही है।
क्लास चल रही थी, तभी हुआ हमला
बता दें कि शनिवार सुबह राप्ताडु गांव के जिला परिषद हाई स्कूल में क्लास चल रही थी और कमरे में टीचर भी मौजूद थीं। स्कूल में कुछ काम चल रहा था, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ। तभी आरोपी चुपचाप हाथ में मोटर से चलने वाली आरी लेकर क्लास में घुस आया।
मौके पर मौजूद क्लास टीचर राजेश्वरी ने बताया कि क्लासेस चल रही थीं। तभी एक लड़का अंदर आया। उसने बाहर ही मशीन चालू कर ली थी। हमें समझ ही नहीं आया कि उसके हाथ में क्या उपकरण है। इससे पहले कि हम कुछ समझ पाते, उसने बच्चों पर हमला कर दिया।
हमले में दो छात्राएं घायल
टीचर ने बताया कि इस हमले में दो छात्राएं घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अनंतपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। एक गंभीर रूप से घायल छात्रा को बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से बेंगलुरु शिफ्ट करने की तैयारी की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।