विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'AI से IT सेवाओं की भूमिका घटने के बजाय बढ़ेगी', AGM में बोले टेक महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा

Published: Sat, 18 Jul 2026 08:18 PM (IST)

टेक महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा कि एआई भारतीय आईटी सेवा उद्योग की भूमिका को कम नहीं करेगा, बल्कि समय के साथ और महत्वपूर्ण बनाएगा।

टेक महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा

टेक महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा

HighLights

  1. एआई भारतीय आईटी सेवाओं की भूमिका बढ़ाएगा, महिंद्रा बोले।

  2. भारत को एआई का निर्माता और भरोसेमंद उपयोगकर्ता बनना होगा।

  3. 'संप्रभु एआई' विकास में घरेलू क्षमता महत्वपूर्ण है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी टेक महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने आर्टिफिशिलय इंटेलिजेंस (एआई) के कारण भारतीय आईटी सेवा उद्योग के खत्म होने की आशंका को निराधार बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र की भूमिका घटने की जगह समय के साथ अधिक महत्वपूर्ण होती जाएगी।

महिंद्रा ने टेक महिंद्रा की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए कहा कि भारत केवल बाहर विकसित प्रौद्योगिकी का उपभोक्ता बनकर नहीं रह सकता है, बल्कि उसे एआइ के क्षेत्र में निर्माता, आकार देने वाला और भरोसेमंद यूजर भी बनना होगा। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत ‘अभाव से प्रेरित नवाचार’ में निहित है।

उन्होंने मिसाल के तौर पर ‘परम’ सुपरकंप्यूटर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी सीमाएं भी देश में स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा दे सकती हैं। महिंद्रा ने कहा कि यही सोच ‘संप्रभु एआइ’ के विकास में भी झलकनी चाहिए, जिसमें घरेलू क्षमता, भरोसेमंद साझेदारी और आत्मनिर्भरता अहम भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने बताया कि ‘इंडिया एआइ मिशन’ के तहत टेक महिंद्रा का चुना जाना कंपनी के लिए बड़ी जिम्मेदारी है और कंपनी इसे बहुत गंभीरता से लेती है। महिंद्रा ने कहा कि एआई पुराने कारोबारी माडल को चुनौती देगा, लेकिन इसके साथ यह नए अवसर भी पैदा करेगा और आने वाले समय में रोजगार तथा नवाचार के सबसे बड़े स्रोतों में से एक बन सकता है।