स्वस्थ होते ही अमिताभ बच्चन ने किया ट्वीट- चलो इसी बहाने अपनों का तो पता चला
बिग बी अब बिल्कुल स्वस्थ हैं। ठीक होते ही महानायक ने ट्विटर पर अपने चाहने वालों के लिए एक पोस्ट लिखा।
नई दिल्ली,(जेएनएन)। अमिताब बच्चन की अचानक तबीयत खराब होने से उनके फैंस के बीच हलचल मच गई थी। हालांकि बिग बी अब बिल्कुल स्वस्थ हैं। ठीक होते ही महानायक ने ट्विटर पर अपने चाहने वालों के लिए एक पोस्ट लिखा। अमिताभ ने लिखा कि 'कुछ कष्ट बढ़ा, डॉक्टर को इलाज के लिए बुलाना पड़ा, इलाज प्रबल, स्वस्थ हुए नवल, चलो इसी बहाने अपनों का तो पता चला।'
बता दें कि अमिताभ बच्चन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ की शूटिंग में बिजी हैं, जिसके सिलसिले में वह जोधपुर में हैं। शूटिंग के दौरान ही उनकी तबीयत खराब हो गई थी। बिग बी ने खुद अपने ब्लॉग पर पोस्ट करके ये जानकारी दी थी की उनकी तबीयत खराब है। देखते ही देखते यह खबर चारों तरफ फैल गई। तबीयत बिगड़ते ही फिल्म की शूटिंग रोक दी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक मुंबई से फटाफट जोधपुर पहुंचे डॉक्टर्स ने उनकी पूरी तरह जांच की है और बच्चन को आराम करने की सलाह दी है। बिग बी अब जोधपुर में ही कुछ समय आराम करेंगे। गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर जयंत बर्वे और उनकी टीम ने बिग बी का चेकअप कर लिया है। प्रोडक्शन इंचार्ज राघवेंद्र ने एक इंटरव्यू में भी अमिताभ को पेट दर्द की शिकायत होने की पुष्टि की है। फिलहाल अमिताभ जोधपुर में ही हैं। पहले उनके मुंबई लौटने की खबर सामने आ रही थी। मगर कहा जा रहा है कि वह अभी जोधपुर में ही आराम कर रहे हैं।
कहा जा रहा है कि विजय कृष्ण आचार्य की इस फिल्म के लिए अमिताभ ने जो कॉस्ट्यूम पहने वे काफी भारी थे। इसके अलावा जोधपुर में पड़ रही तेज गर्मी की भी उनकी तबीयत बिगड़ने का कारण है। उनके लिए उनके गृहनगर इलाहाबाद में फैन्स ने प्रार्थना का आयोजन किया। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। पिछले महीने भी अमिताभ बच्चन को कमर में दर्द के कारण मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।