'जिसके पास लाइसेंस, सिर्फ वही सिक्योरिटी एजेंसी करेगी काम', अमित शाह ने बंदरगाहों की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंदरगाहों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए केवल लाइसेंस प्राप्त निजी सुरक्षा एजेंसियों को ...और पढ़ें
-1783701104841_m.webp)
अमित शाह ने बंदरगाहों की सिक्योरिटी को लेकर दिए निर्देश (फोटो-एएनआइ)
HighLights
बंदरगाहों पर केवल लाइसेंस प्राप्त निजी सुरक्षा एजेंसियां ही तैनात होंगी।
सीआईएसएफ प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी बंदरगाहों की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
पत्तन सुरक्षा ब्यूरो बनेगा, कंटेनर स्कैनिंग और साइबर सुरक्षा पर जोर।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बंदरगाहों की सुरक्षा में केवल लाइसेंस प्राप्त निजी सुरक्षा एजेंसी ही काम पर लगाने पर जोर दिया।
पत्तन, पोत परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ बैठक कर पत्तन सुरक्षा ब्यूरो के गठन में हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शाह ने बंदरगाहों पर सिर्फ सीआइएसएफ द्वारा प्रशिक्षित निजी सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने की जरूरत बताई।
इन सुरक्षाकर्मियों के प्रशिक्षण के लिए पत्तन सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान की मौजूदा आधारभूत संरचना का इस्तेमाल किया जा सकता है। शाह ने कहा कि मोदी सरकार तटीय सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है।
अमित शाह ने दिए निर्देश
देश में विकास की तेज रफ्तार और उसी के अनुसार बंदरगाहों पर बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए अमित शाह ने उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पत्तन सुरक्षा ब्यूरो में तैनात किए जाने वाले सुरक्षाकर्मियों का एक डेटाबेस बनाया जाए।
पत्तन सुरक्षा ब्यूरो के तहत आने वाले सभी बंदरगाहों पर कंटेनर स्कैनिंग की व्यवस्था हो। उन्होंने सीआइएसएफ को देश के बड़े बंदरगाहों, जैसे विशाखापत्तनम पोर्ट, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट और मुंद्रा पोर्ट पर जाकर पत्तन सुरक्षा ब्यूरो को सौंपी जाने वाली सुरक्षा का ट्रायल करने को कहा।
हवाई अड्डों की सुरक्षा के लिए बनाए ब्यूरो आफ सिविल एविएशन की तर्ज पर बंदरगाहों की सुरक्षा के लिए मर्चेंट शिपिंग एक्ट के तहत पत्तन सुरक्षा ब्यूरो का गठन किया जा रहा है।
ब्यूरो का नेतृत्व एक महानिदेशक करेगा और यह पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अधीन काम करेगा। पत्तन सुरक्षा ब्यूरो जहाजों और बंदरगाहों पर सुविधाओं की सुरक्षा से संबंधित नियामक एवं निरीक्षण कार्यों के लिए उत्तरदायी होगा।
पत्तन सुरक्षा ब्यूरो सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध विश्लेषण, संग्रहण और आदान-प्रदान सुनिश्चित करेगा, जिसमें साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान होगा। इसमें बंदरगाहों की आइटी अवसंरचना को डिजिटल खतरों से सुरक्षित रखने के लिए डेडिकेटेड प्रभाग भी शामिल होगा।
इसके साथ ही अमित शाह ने मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों के साथ भी बैठक की और फिशिंग हार्बर्स और फिश लैन्डिंग सेंटर्स की सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
शाह ने कहा कि इसरो द्वारा विकसित 'नभमित्र' एप का और प्रचार-प्रसार करना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक संख्या में नाविक इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकें।
अमित शाह ने मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी जिलों के डीएम और एसपी को पत्र लिख कर जिले में मौजूद सभी फिश लैन्डिंग सेंटर्स की सूची केन्द्र को भेजने को कहें।
साथ ही मत्स्यपालकों के पंजीकरण को आसान बनाया जाना चाहिए। जिला पुलिस अधीक्षक को फिश लैन्डिंग सेंटर्स पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- 'मासूम बच्ची की यौन उत्पीड़न की शिकायत पर चुप्पी साधना होगा अपराध', सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
