सीमावर्ती जिलों में बनेगा 360° सुरक्षा ग्रिड, बॉर्डर से 15 किमी तक अवैध निर्माण ध्वस्त करने के अमित शाह ने दिए निर्देश
गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा से सटे 15 किलोमीटर के दायरे में सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का ...और पढ़ें

सीमावर्ती जिलों में बनेगा 360° सुरक्षा ग्रिड। (एएनआई)
HighLights
सीमा से 15 किमी में अवैध निर्माण ध्वस्त करने के निर्देश।
सीमावर्ती जिलों में 360 डिग्री सुरक्षा फ्रेमवर्क बनेगा।
घुसपैठ, ड्रग्स तस्करी, अतिक्रमण पर कड़ा शिकंजा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सीमा से सटे 15 किलोमीटर के दायरे में सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को बीकानेर में उच्च स्तरीय बैठक में शाह ने भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों से जुड़े सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों और पांच जिलों बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर व फलौदी के डीएम और एसपी के साथ-साथ केंद्र के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक के पहले अमित शाह ने सीमा पर स्थित चौकी का दौरा कर जमीनी स्थिति का आंकलन किया था।
सीमावर्ती जिलों में 360 डिग्री सुरक्षा फ्रेमवर्क बनेगा
बैठक में अमित शाह ने सीमा से सटे इलाकों में अवैध निर्माणों के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को कड़ाई से पालन करने को कहा। बैठक में सभी सीमावर्ती जिलों में 360 डिग्री सुरक्षा फ्रेमवर्क तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए स्थानीय नागरिकों, राज्य सरकार की मशीनरी और सभी सुरक्षा एजेंसियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सीमा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए एकीकृत प्रयास किया जाएगा।
शाह ने कहा कि सीमा पर घुसपैठ, ड्रग्स की तस्करी, अतिक्रमण, आतंकी फंडिंग और सीमा पार से होने होने वाले अन्य अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए बीएसएफ, सीबीडीटी, एनसीबी और राज्य सरकार की मशीनरी को समन्वित तरीके से सीमा प्रबंधन की रणनीति अपनानी होगी।
सीमाओं को सुरक्षित बनाने में डीएम और एसपी की अहम भूमिका- अमित शाह
अमित शाह ने साफ किया कि सीमाओं को सुरक्षित बनाने में डीएम और एसपी की अहम भूमिका है। उन्होंने पांचों जिलों के डीएम सभी बैंकों में पूर्ण कानूनी और वित्तीय अनुपालन सुनिश्चित करने, प्रमुख व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का सत्यापन करने, उनके फंडिंग के स्रोतों की जांच करने और म्यूल खातों व शेल कंपनियों को ट्रेक करने, फर्जी आधार कार्डों की पहचान करने और तस्करी पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण करने को कहा।
1930 कॉल सेंटर का प्रभावी उपयोग
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के त्वरित निवारण के लिए "1930" कॉल सेंटर के प्रभावी उपयोग किया जाए और तीनों नए आपराधिक कानूनों को पूरी तरह से लागू कर कानून प्रवर्तन व्यवस्था व न्यायिक प्रक्रिया को सुदृह करना जरूरी है।
राजस्थान के बाद अमित शाह शुक्रवार को गुजरात में सीमा का दौरा कर ताजा स्थिति की समीक्षा करेंगे और स्तानीय परिस्थितियों के अनुरूप सीमा को अभेद्य बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। उसके बाद पांच जून को अमित शाह का त्रिपुरा की सीमा और 15 जून के आसपास पश्चिम बंगाल की सीमा का दौरा करने का कार्यक्रम है।
