बिपिन रावत व कल्याण सिंह को पद्म विभूषण सच्ची श्रद्धांजलि, अमित शाह व जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री को कहा- धन्यवाद
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत के प्रथम CDS स्वर्गीय बिपिन रावत व पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है।
नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत के प्रथम CDS स्वर्गीय बिपिन रावत को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है। गृहमंत्री ने ट्वीट किया, 'भारत के प्रथम CDS स्वर्गीय बिपिन रावत जी एक अनन्य राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण से देश की सेवा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने उन्हें पद्म विभूषण देकर उनकी राष्ट्रसेवा को सच्चे अर्थों में सम्मानित किया है। इसके लिए देश की ओर से मोदी जी का अभिनंदन करता हूं।'
भारत के प्रथम CDS स्वर्गीय बिपिन रावत जी एक अनन्य राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण से देश की सेवा की।
प्रधानमंत्री @NarendraModi जी ने उन्हें पद्म विभूषण देकर उनकी राष्ट्रसेवा को सच्चे अर्थों में सम्मानित किया है। इसके लिए देश की ओर से मोदी जी का अभिनंदन करता हूँ।— Amit Shah (@AmitShah) January 25, 2022
वही भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने दिवंगत CDS रावत व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि भारत जनरल रावत की राष्ट्रसेवा को कभी नहीं भूलेगा।
कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने समाज के सशक्तिकरण की दिशा में कई प्रयास किए। उनका पूरा जीवन देशहित के लिए समर्पित रहा।
प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित करना, उनके विराट व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि है।— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) January 25, 2022
उत्तर प्रदेश से संबंध रखने वाले दिवंगत साहित्यकार राधेश्याम खेमका को सरकार ने मरणोपरांत पद्म विभूषण से नवाजा है। वहीं कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए महाराष्ट्र की प्रभा आत्रे को भी पद्म विभूषण दिया गया है। जबकि कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य जैसे राजनीतिक नेताओं के साथ साथ गूगल के सीइओ सुंदर पिचई और माइक्रोसाफ्ट के सत्य नडेला, भारत बायोटेक के कृष्णा एल्ला और सुचित्रा एल्ला समेत कइयों को पद्म भूषण देने का फैसला हुआ है। कुल मिलाकर चार लोगों को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण और 107 लोगों को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। हालांकि बुद्धदेव भट्टाचार्य ने एक पद्मभूषण सम्मान ठुकरा दिया है।