आकाश अंबानी की सगाई में बड़ी-बड़ी हस्तियों ने की शिरकत, देखें तस्वीरें
आकाश अंबनी और श्लोका मेहता की सगाई समारोह में विभिन्न पार्टियों के शीर्ष राजनेता , उद्योगपति , खेल और फिल्म जगत की हस्तियों ने शिरकत की।
मुंबई (प्रेट्र)। देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश की सगाई में आनेवाले विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, खेल जगत और फिल्मी हस्तियों का तांता लग गया। आकाश अंबानी की सगाई उद्योगपति रसेल मेहता की बेटी श्लोका से हुई है।
सगाई का भव्य समारोह शनिवार शाम को दक्षिण मुंबई स्थित मुकेश अंबानी के आवास अंटीलिया में हुआ। इस शानदार समारोह में शामिल होने वालों में मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी और उनकी पत्नी टीना अंबानी ने भी शिरकत की।
इसके अलावा, उद्योगपतियों में रतन टाटा, महेंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महेंद्रा, कोटक महेंद्रा के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक उदय कोटक, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमारमंगलम बिड़ला और जी समूह के चेयरमैन सुभाष चंद्रा भी शामिल हुए। अंबानी परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और मनोज सिन्हा के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और उनकी पत्नी अमृता भी समारोह में मौजूद रहीं।इसके अलावा, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार व उनकी पार्टी के सहयोगी प्रफुल्ल पटेल के अलावा, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी मौजूद रहे। कांग्रेसी नेताओं में आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चाह्वाण और पूर्व सांसद प्रिया दत्त भी मौजूद रहीं।
दूसरी ओर फिल्मी हस्तियों से भी समारोह में रौनक रही। फिल्म स्टार शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी और बेटे आर्यन खान के साथ समारोह में पहुंचे।
इस मौके पर अभिषेक एेश्वर्या राय बच्चन बेटी आराध्या के साथ पहुंचे थे। इसके अलावा रेखा, अनिल कपूर, विद्या बालन फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर, विधु विनोद चोपड़ा, लेखक जावेद अख्तर भी सगाई में पहुंचे।
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और जहीर खान भी सगाई में पहुंचे।
इस पहले अाकाश अंबानी और श्लोका मेहता की प्री एंगेजमेंट ग्रैंड पार्टी का आयोजन किया गया था। मुकेश अंबानी ने अपने मुंबई स्थित घर पर ही गुरुवार की शाम कार्यक्रम आयोजित किया था। इस मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज सितारे नज़र आए थे।
27 साल के आकाश मुकेश अंबानी के बेटे हैं। आकाश और उनकी जुड़वा बहन ईशा मुकेश और नीता अंबानी के तीन बच्चों में सबसे बड़े हैं। जबकि 22 साल की श्लोका रसेल और मोना मेहता की तीन संतानों में सबसे छोटी हैं।आकाश और श्लोका ने मुंबई में धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में साथ पढ़ाई की है।
श्लोका ने 2009 में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से मानव शास्त्र का अध्ययन करने गई। इसके बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से कानून में मास्टर्स डिग्री की। श्लोका जुलाई 2014 से रोजी ब्लू फाउंडेशन की डायरेक्टर हैं। श्लोका कनेक्टफॉर नामक संस्था में को-फाउंडर भी हैं।