विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेज स्पीड, आरामदायक केबिन... जानिए किस प्लेन में सफर कर रहे थे अजित पवार

Published: Wed, 28 Jan 2026 11:47 AM (IST)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पुणे में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। वे जिस Learjet 45XR चार्टर्ड ...और पढ़ें

HighLights

  1. उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में दुखद मृत्यु।

  2. पुणे के बारामती में Learjet 45XR विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

  3. लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी से हुआ यह हादसा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत हो गई। जिस छोटे चार्टर्ड विमान से वह यात्रा कर रहे थे, वह पुणे जिले में उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई।

यह विमान मुंबई से उड़ान भरकर पुणे के बारामती जा रहा था। अजित पवार को स्थानीय निकाय चुनावों से पहले चार अहम जनसभाओं को संबोधित करना था, लेकिन मंज़ल तक पहुंचने से पहले ही यह यात्रा उनकी आखिरी साबित हुई।

WhatsApp Image 2026-01-28 at 12.51.07 (3)

लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि अंतिम चरण में विमान को गंभीर तकनीकी दिक्कतों और अस्थिरता का सामना करना पड़ा।

लैंडिंग के दौरान पायलट विमान पर नियंत्रण नहीं रख सके। रनवे पर जोरदार क्रैश-लैंडिंग के बाद विमान में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार और लपटें दिखाई दीं।

WhatsApp Image 2026-01-28 at 13.12.39

दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश बनी घातक

फ्लाइट रडार से मिली जानकारी के अनुसार, विमान बारामती एयरपोर्ट पर दूसरी बार अप्रोच करने की कोशिश कर रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। हादसे में दो पायलट, एक फ्लाइट क्रू और अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी की भी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहत और बचाव दलों को विमान का मलबा रनवे और आसपास बिखरा मिला। विमान पूरी तरह नष्ट हो चुका था, जिससे किसी के बचने की कोई संभावना नहीं रही।

WhatsApp Image 2026-01-28 at 14.04.03

किस विमान में सवार थे अजित पवार?

इस हादसे में शामिल विमान Learjet 45XR था। यह एक मिड-साइज बिजनेस जेट है, जिसे बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस ने 1998 से 2009 के बीच बनाया था। यह विमान अपनी तेज रफ्तार और आरामदायक केबिन के लिए जाना जाता है।

Learjet 45XR में अधिकतम आठ यात्री बैठ सकते हैं। इसकी उड़ान क्षमता करीब 2,000 से 2,235 नॉटिकल मील है और यह 51,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। विमान दो Honeywell TFE731 इंजनों से संचालित होता है और इसकी क्रूजिंग स्पीड मैक 0.78 से 0.81 के बीच मानी जाती है।

विमान की तकनीकी विशेषताएं क्या हैं ?

यह जेट मुख्य रूप से शॉर्ट और मीडियम हॉल उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया है। विमान का विंगस्पैन लगभग 47 फीट है और इसका कुल वजन करीब 9,752 किलोग्राम बताया जाता है। तेज, भरोसेमंद और कम समय की यात्राओं के लिए इसका इस्तेमाल आमतौर पर वीआईपी और बिजनेस चार्टर में किया जाता है।

WhatsApp Image 2026-01-28 at 12.51.07

प्लेन का संचालन कौन सी कंपनी कर रही थी?

दुर्घटनाग्रस्त Learjet 45XR विमान VSR Ventures Private Limited के स्वामित्व में था। यह कंपनी भारत की प्रमुख नॉन-शेड्यूल्ड एयरक्राफ्ट ऑपरेटर्स में गिनी जाती है। कंपनी की स्थापना और स्वामित्व VK सिंह के पास है।

VSR Ventures निजी जेट चार्टर, हेलिकॉप्टर रेंटल, एयर एंबुलेंस सेवाएं और विमान लीजिंग जैसे क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी के बेड़े में Learjet 45XR के अलावा Beechcraft Super King Air B200 और Agusta 109 जैसे विमान और हेलिकॉप्टर शामिल हैं।

कंपनी का मुख्यालय नई दिल्ली के महिपालपुर इलाके में स्थित है। यह ग्राहकों को एंड-टू-एंड एविएशन कंसल्टेंसी और एयरक्राफ्ट मैनेजमेंट सेवाएं भी उपलब्ध कराती है। अब इस हादसे के बाद कंपनी और विमान के मेंटेनेंस रिकॉर्ड पर भी जांच की निगाहें टिक गई हैं।

बीते हफ्ते कब उड़ा था विमान?

ये विमान 25 जनवरी को सूरत से मुंबई, 26 जनवरी को मुंबई से सूरत और 26 जनवरी को ही सूरत से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। अजित पवार के विमान को ग्वालियर की रहने वाली पायलट शंभावी पाठक उड़ा रही थी।

यह भी पढ़ें: सुबह 6 बजे से ही मिलने का अपॉइंटमेंट देते थे 'दादा', तबाकू-गुटखा और शराब से थी सख्त नफरत