धुंध ने आफत में डाली 38 जिंदगियां, एक घंटे एयरपोर्ट पर आसमान में उड़ता रहा विमान
दिल्ली से भुंतर के लिए उड़ान भरने वाली एयरइंडिया की फ्लाइट में आने वाले 38 लोगों को जान धुंध ने आफत में डाल दी। विजिबिलिटी कम होने के कारण लैंडिंग से पहले हवाई जहाज एक घंटे तक एयरपोर्ट के आसपास ही उड़ान भरता रहा।
नई दिल्ली/ कुल्लू, जागरण संवाददाता। दिल्ली से भुंतर के लिए उड़ान भरने वाली एयरइंडिया की फ्लाइट में आने वाले 38 लोगों को जान धुंध ने आफत में डाल दी। विजिबिलिटी कम होने के कारण लैंडिंग से पहले हवाई जहाज एक घंटे तक एयरपोर्ट के आसपास ही उड़ान भरता रहा। इस वजह से चंडीगढ़ से भुंतर के लिए दूसरी फ्लाइट भी रद करनी पड़ी।
गुरुवार सुबह दिल्ली से भुंतर के लिए सुबह सात बजे विमान ने उड़ान गई थी, जिसमें लगभग 38 यात्री सवार थे। विमान सुबह नौ बजे भुंतर पहुंचा। भुंतर और उसके आसपास के क्षेत्रों में धुंध होने के कारण पायलट को लैंडिंग के लिए साफ दिखाई न दिया, जिस कारण लगभग एक घंटे तक हवाई जहाज को एयरपोर्ट के आसपास ही उड़ाया जाता रहा। करीब सवा दस बजे मौसम साफ होने पर इसे लैंड कराया गया।
इस कारण चंडीगढ़ से भुंतर के लिए शुरू हो रही उड़ान सेवा की फ्लाइट भी रद करनी पड़ी। इसके बाद भुंतर एयरपोर्ट में चंडीगढ़ जाने वाली सवारियों को दिल्ली भुंतर हवाई उड़ान से भेजा गया। इसने पहले सवारियों को चंडीगढ़ उतारा और उसके बाद दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
यह है नियम
नियमों के अनुसार, विजिबिलिटी के लिए लगभग पांच किलोमीटर का एरिया साफ होना चाहिए। इसके बाद ही हवाई जहाज की लैंडिंग की जाती है। गुरुवार को जब दिल्ली-भुंतर फ्लाइट यहां पहुंची तो पांच किलोमीटर तक के क्षेत्र में साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
एक माह बाद चंडीगढ़-भुंतर हवाई सेवा भी शुरू
भुंतर-चंडीगढ़ के बीच एक माह के बाद एक बार फिर एयर इंडिया की हवाई उड़ानें शुरू हो गई हैं। यह उड़ान 17 दिसंबर से लेकर 16 जनवरी तक बंद रही। बता दें कि विजिबिलिटी कम होने के कारण ही इस फ्लाइट को दिसंबर में बंद कर दिया गया था। मनाली के होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम और मणिकर्ण वैली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर ने फ्लाइट शुरू होने पर खुशी जाहिर की है।
'धुंध के कारण विजिबिलिटी न होने से दिल्ली से भुंतर आए हवाई जहाज को लैंड करने में एक घंटा अतिरिक्त लगा। इसमें लगभग 38 सवारियां थीं। वहीं, 17 दिसंबर से चंडीगढ़-भुंतर एयरलाइंस की हवाई सेवा भी आरंभ कर दी गई है।'
-एए अंसारी, निदेशक एयरपोर्ट अथॉरिटी भुंतर