विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AIR इंडिया विमान हादसा: अंतिम चरण में जांच, रिपोर्ट का भी इंतजार; केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में बताया

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:58 PM (IST)

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जून 2025 के एअर इंडिया विमान हादसे की जांच अंतिम चरण में है, जिसमें 260 लोगों की जान गई थी।

एअर इंडिया विमान हादसा जांच अंतिम चरण में

एअर इंडिया विमान हादसा जांच अंतिम चरण में

HighLights

  1. एअर इंडिया विमान हादसे की जांच अंतिम चरण में।

  2. सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई दो सप्ताह के लिए टाली।

  3. प्रारंभिक रिपोर्ट में इंजन स्विच में गड़बड़ी मिली।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जून 2025 में हुए एअर इंडिया विमान हादसे की जांच, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी, अब अपने अंतिम चरण में है। सरकार ने इस हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग करने वाली एक याचिका पर जवाब देने के लिए कुछ और समय भी मांगा।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भारत के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ से कहा, हम जांच के बिल्कुल अंतिम पड़ाव पर हैं। उन्होंने अदालत से मामले की सुनवाई दो-तीन सप्ताह के लिए टालने का आग्रह किया और कहा कि जांचकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करना पड़ता है। इसके साथ ही मेहता ने कहा कि ऐसा कोई कारण नहीं है कि हम जानबूझकर इसमें देरी करें।

दो हफ्ते बाद होगी सुनवाई

सरकार की मांग पर सुप्रीम कोर्ट दो सप्ताह बाद मामले की सुनवाई करने पर सहमत हो गया है। यह सुनवाई पुष्कर राज सभरवाल द्वारा दायर एक याचिका पर हो रही थी। पुष्कर राज सभरवाल, विमान के कैप्टन सुमीत सभरवाल के पिता हैं और उन्होंने इस हादसे की एक अलग और स्वतंत्र जांच की मांग की है।

इस मामले में पेश हुए वकील प्रशांत भूषण ने बताया कि जांच की अंतिम रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है और उन्होंने जल्द सुनवाई की मांग की।

वहीं एअरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने पहले सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि उसे अक्टूबर 2026 के पहले सप्ताह तक हादसे की अंतिम रिपोर्ट मिल जाने की उम्मीद है। वह समय-सीमा बीत चुकी है, लेकिन रिपोर्ट अभी तक जारी नहीं की गई है।

प्रारंभिक रिपोर्ट में क्या पता चला?

12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जबकि जमीन पर मौजूद 19 लोगों की भी जान चली गई। इस तरह कुल मृतकों की संख्या 260 हो गई।

इस हादसे का बाद जुलाई 2025 में जारी एक प्रारंभिक जांच में रिपोर्ट में पता चला कि उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद, विमान के इंजन फ्यूल-कंट्रोल स्विच 'रन' स्थिति से हटकर 'कटऑफ' स्थिति में आ गए थे, जिससे दोनों इंजनों में ईंधन की आपूर्ति बंद हो गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ये स्विच अपने आप कैसे बदल गए।

रिपोर्ट में कॉकपिट की बातचीत दर्ज

इस रिपोर्ट में कॉकपिट की बातचीत भी दर्ज है, जिसमें एक पायलट दूसरे से पूछता है कि ईंधन की आपूर्ति क्यों बंद हो गई। दूसरे पायलट ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।

जांचकर्ता यह पता नहीं लगा सके कि ये बातें किस पायलट ने कही थीं। कैप्टन सुमीत सभरवाल के पिता ने जांच पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एएआईबी के अधिकारियों ने उनके घर आकर यह संकेत दिया था कि इंजनों की ईंधन आपूर्ति बंद करने के लिए उनका बेटा जिम्मेदार था।

जुलाई में, AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उसने अपनी जांच के तहत कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर का ट्रांसक्रिप्ट तैयार किया है और एक मनोवैज्ञानिक ऑटोप्सी भी की है।

उन्होंने कहा था कि अक्टूबर के आसपास एक ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे अंतिम रूप देने और प्रकाशित करने से पहले संबंधित देशों को उनकी राय जानने के लिए भेजा जाएगा। उम्मीद है कि इस फाइनल रिपोर्ट में हादसे से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में और भी जानकारियां सामने आएंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।