29वें वायुसेना प्रमुख बने एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, 'VAYU' विजन के साथ पेश किया भविष्य का खाका
29वें वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने अपनी प्राथमिकताएं बताईं, जिनमें फाइटर स्क्वाड्रन क्षमता बहाल करना, तेजस और एएमसीए जैसे स्वदेशी कार्यक्रमों में तेजी लाना शामिल है।

आशुतोष दीक्षित ने पेश किया IAF का भविष्य का खाका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के 29वें वायुसेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने वाले एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने अपनी प्राथमिकताओं का स्पष्ट खाका खींच दिया है।
उन्होंने रविवार को कहा कि वायुसेना की स्वीकृत फाइटर स्क्वाड्रन क्षमता को बहाल करना, तेजस और एडवांस्ड मीडियम काम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) जैसे स्वदेशी कार्यक्रमों में तेजी लाना और तीनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
आसमान में अपनी ताकत को धार देने के लिए उन्होंने 'वायु' नाम से चार सूत्रीय विजन पेश किया है। इसके तहत सतर्कता और अभियानगत तैयारी, आत्मनिर्भरता, सामरिक नवाचार और तीनों सेनाओं में तालमेल पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि हर स्क्वाड्रन, हर रडार, हर एयर डिफेंस यूनिट और साथ ही वायुसेना के हर एक योद्धा (एयर वॉरियर) को किसी भी पल कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।
साढ़े तीन हजार से अधिक घंटों की उड़ान का अनुभव रखने वाले एक कुशल फाइटर पायलट एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने स्पष्ट किया कि तेजस (एलसीए एमके 1ए और एमके 2) तथा एएमसीए कार्यक्रम के विकास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है ताकि ऑपरेशनल मांगों को पूरा किया जा सके।
रक्षा मंत्रालय ने पहले ही हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ 1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 180 हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए-एमके 1ए जेट) खरीदने के अनुबंध किए हैं।
रेस कोर्स एयरफोर्स स्टेशन पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि वायुसेना अपनी अभियानगत जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में साजो-सामान तैयार रखेगी। वर्तमान में वायुसेना की फाइटर स्क्वाड्रनों की संख्या घटकर 30 रह गई है, जबकि इसकी आधिकारिक स्वीकृत संख्या 42 है। इस कमी को दूर कर ताकत को दोबारा पटरी पर लाना उनकी सबसे बड़ी चुनौती और पहली जिम्मेदारी है।
मौजूदा सुरक्षा माहौल को चुनौतीपूर्ण बताते हुए उन्होंने बदलते युद्ध स्वरूप - जैसे ड्रोन, लंबी दूरी के सटीक हथियार, अंतरिक्ष, साइबर, एआई और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम - से निपटने के लिए वायुसेना को तकनीकी रूप से सक्षम और तैयार रखने का संकल्प लिया।
वायुसेना प्रमुख ने अपने चार आधार स्तंभों - सतर्कता, आत्मनिर्भरता, सामरिक नवाचार (युक्ति) और सेनाओं में तालमेल - को रेखांकित करते हुए कहा कि हर स्क्वाड्रन, हर रडार, हर एयर डिफेंस यूनिट और साथ ही वायुसेना के हर एक योद्धा (एयर वारियर) को किसी भी पल कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने सामरिक नवाचार (युक्ति) के जरिये एआइ-सक्षम कमांड और कंट्रोल, लेयर्ड काउंटर-ड्रोन डिफेंस और अंतरिक्ष डोमेन के उपयोग पर जोर दिया। इसके अलावा, 'जेएआई' (ज्वाइंटनेस, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन) के तहत थल सेना, नौसेना और अन्य राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक योजना के तहत काम करने की बात कही।
उन्होंने वायु सैनिकों, अग्निवीरों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण, प्रशिक्षण और मनोबल को भी अपनी सर्वोच्च व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में रखा है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।