कैंसर जैसी लाइलाज बीमारियां भी दस साल में हो जाएंगी बीती बात, एंथ्रोपिक CEO का बड़ा दावा
क्लाउड निर्माता एंथ्रोपिक के सीईओ डेरियो इमोडेई ने दावा किया है कि एआई एक दशक से भी कम समय में कैंसर, अल्जाइमर जैसी बीमारियों को अतीत बना देगा।

कैंसर जैसी लाइलाज बीमारियां भी दस साल में हो जाएंगी बीती बात। (रॉयटर्स)
HighLights
एंथ्रोपिक सीईओ ने एआई से बीमारियों के इलाज का दावा किया।
विशेषज्ञों ने एआई के दावों की समय-सीमा पर संदेह व्यक्त किया।
एआई क्लीनिकल परीक्षणों और जैविक समझ की जगह नहीं ले सकता।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। क्लाउड निर्माता कंपनी 'एंथ्रोपिक' के सीईओ डेरियो इमोडेई ने कहा है कि एआई के इस्तेमाल से कैंसर, अल्जाइमर, हृदय रोग और मानसिक बीमारियां एक दशक से भी कम समय में अतीत की बातें हो जाएंगी। उनका कहना है कि ये कोई अपरिचित चिकित्सा समस्याएं नहीं हैं। इनसे लाखों परिवार प्रभावित हैं और इनमें से कुछ आज भी चिकित्सा जगत की सबसे कठिन चुनौतियों में शामिल हैं।
इमोडेई ने कहा, 'मेरा मानना है कि अगर हम इसे सही ढंग से करें, तो चमत्कारों का ऐसा युग ला सकते हैं, जिसमें मानवता उन समस्याओं को सुलझा सकेगी जो सहस्राब्दियों से हमारे सामने हैं।' इमोडेई एआई को ऐसी तकनीक मानते हैं, जो जैविक अनुसंधान, दवाओं की खोज और चिकित्सा क्षेत्र में नई उपलब्धियों की रफ्तार को काफी बढ़ा सकती है।
इमोडेई अकेले नहीं हैं। एलन मस्क और गूगल के एआई प्रमुख डेमिस हासाबिस समेत अन्य एआई दिग्गजों ने भी इसी तरह के वादे किए हैं। हासाबिस का कहना है कि एआई दवा की खोज में लगने वाले एक दशक के समय को कुछ हफ्तों में समेट सकती है। इससे संभावित रूप से 'बीमारियों का अंत' हो सकता है या एक दशक के भीतर सभी बीमारियों का इलाज खोजा जा सकता है।
उन्होंने 'अल्फाफोल्ड' जैसी उपलब्धियों का हवाला दिया है, जिसने 20 करोड़ से अधिक प्रोटीन संरचनाओं की मैपिंग की। उनके मुताबिक, यह इस बात का प्रमाण है कि एआई जैविक अनुसंधान की रफ्तार में बड़ा बदलाव ला सकती है। 'अल्फाफोल्ड' एक वास्तविक वैज्ञानिक उपलब्धि है, लेकिन यह इस बात का प्रमाण नहीं है कि एआई एक दशक के भीतर कैंसर, अल्जाइमर या अन्य जटिल बीमारियों का इलाज खोज सकती है।
मस्क का दावा है कि एआई की प्रगति के कारण पूरी मानवता को उसी स्तर की सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी, जैसी अमेरिका के राष्ट्रपति को मिलती हैं।
इन दावों में एक पेंच है। दवाएं विकसित करने वाले लोग इस समय-सीमा को सही नहीं मानते। विशेषज्ञ और दवा कंपनियों के प्रमुख भी अभी आश्वस्त नहीं हैं। वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल्स के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन जेफ लेडेन ने इन समय-सीमाओं को पूरी तरह बकवास बताया है। उन्होंने कहा कि वर्टेक्स ने 10 हजार ड्रग कंपाउंड्स की जांच के लिए करीब 50 एआई कंपनियों को परखा, लेकिन उनमें से एक भी अपने दम पर कारगर दवा नहीं बना सकी।
दवा कंपनियों के प्रमुखों का कहना है कि शुरुआती अणुओं (मोलिक्यूल्स) की खोज तेज होने से क्लीनिकल परीक्षण, नियामक समीक्षा या पशुओं एवं मनुष्यों पर जैविक परीक्षण की जरूरत खत्म नहीं हो जाती। किसी दवा के विकास की 10 से 12 वर्ष की प्रक्रिया का अधिकांश समय इन्हीं चरणों में लगता है।
कंप्यूटर स्क्रीन पर आशाजनक दिखने वाले अणु की खोज केवल शुरुआत है। यह जानने के लिए कि वह सुरक्षित है और वास्तव में कारगर है या नहीं; उसे प्रयोगशाला में, पशुओं पर और अंततः मनुष्यों पर क्लीनिकल परीक्षणों में परखना पड़ता है। एआई संभावित इलाज की खोज तेज कर सकती है, लेकिन इन चरणों को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकती।
मानव मस्तिष्क विज्ञान के विशेषज्ञ विज्ञानी गैरी मार्कस और हृदय रोग विशेषज्ञ व डिजिटल मेडिसिन एक्सपर्ट एरिक टोपोल जैसे आलोचकों का कहना है कि मौजूदा एआई माडलों में ऐसी जैविक समझ नहीं है, जो विश्वसनीय रूप से बड़ी चिकित्सा खोजों और इलाज के लिए जरूरी है।
2026 तक एआई से तैयार किसी दवा को पूरी तरह चिकित्सकीय उपयोग में नहीं लाया गया है। इसके अलावा चिकित्सा क्षेत्र में इतिहास रहा है कि कोई भी उपलब्धि निर्धारित की गई समय-सीमा में हासिल नहीं हुई। पिछली सदी के आठवें दशक में कैंसर के विरुद्ध शुरू की गई जंग इसका उदाहरण है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि इस तरह की महत्वाकांक्षी भविष्यवाणियों से लोगों की उम्मीदें विज्ञान की वर्तमान क्षमता कहीं अधिक बढ़ सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।