विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राशन से लेकर गैजेट्स तक... अब AI के इशारे पर क्यों हो रही शॉपिंग? Inside Story

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:29 PM (IST)

भारतीय उपभोक्ता अब खरीदारी के फैसलों के लिए इंटरनेट सर्च या दोस्तों की सलाह के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भरोसा कर रहे हैं।

AI तय कर रहा आपकी शॉपिंग (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

AI तय कर रहा आपकी शॉपिंग (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

HighLights

  1. AI अब भारतीय उपभोक्ताओं की खरीदारी का मुख्य आधार।

  2. दोस्त और परिवार से ज्यादा AI पर भरोसा बढ़ा।

  3. AI से उत्पाद चयन आसान, समय की बचत संभव।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। त्योहारों पर घर का राशन खरीदना हो, बच्चों के लिए कपड़े लेने हों या नया स्मार्टफोन और घरेलू उपकरण चुनना हो, भारतीय खरीदार अब खरीदारी से पहले इंटरनेट पर घंटों छानबीन करने के बजाय एआई से सलाह लेने लगे हैं।

कौन-सा उत्पाद बेहतर है, कहां सस्ता मिलेगा और किन खूबियों पर ध्यान देना चाहिए, ऐसे सवालों के जवाब अब एआई टूल से मांगे जा रहे हैं। यह बदलाव केवल खरीदारी का तरीका नहीं बदल रहा, बल्कि लोगों के खरीदारी से जुड़े फैसलों को भी प्रभावित कर रहा है।

बाजार विश्लेषण फर्म मैकेंजी की एक ताजा रिपोर्ट बताती है कि वैश्विक स्तर पर खरीदारी के फैसलों में एआईकी भूमिका तेजी से बढ़ी है। एआई का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता इसे पारंपरिक सर्च इंजन और यहां तक कि दोस्तों व परिवार की सलाह से भी अधिक प्रभावशाली मान रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, एआई का इस्तेमाल करने वाले करीब एक-तिहाई खरीदारों ने माना कि उनकी हालिया खरीदारी के फैसले में इन टूल की सबसे अहम भूमिका रही। वैश्विक स्तर पर एआई का उपयोग करने वाले उपभोक्ता पारंपरिक सर्च इंजनों के मुकाबले एआई सर्च टूल को 3.2 गुना अधिक प्रभावशाली मानते हैं।

वहीं, दोस्तों और परिवार की सलाह की तुलना में भी वे एआई टूल को 2.6 गुना अधिक अहमियत देते हैं। करीब 29 प्रतिशत खरीदारों ने बताया कि उनकी हालिया खरीदारी में एआई टूल का सबसे बड़ा योगदान रहा। यह प्रभाव रिटेलर प्लेटफार्म, रिव्यू वेबसाइटों, सर्च इंजनों और दोस्तों या परिवार की सलाह से भी अधिक पाया गया।

खरीदारी की शुरुआत से लेकर भुगतान तक एआई की भूमिका

जून 2026 में किए गए इस सर्वे में 11 बाजारों के करीब 21 हजार उपभोक्ताओं को शामिल किया गया। इसमें सामने आया कि पिछले तीन महीनों में 56 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने खरीदारी के लिए स्वतंत्र एआई चैट या सर्च टूल का इस्तेमाल किया।

वहीं, 27 प्रतिशत ने खुदरा कंपनियों की ओर से उपलब्ध कराए गए एआई शापिंग असिस्टेंट की मदद ली। करीब 15 प्रतिशत एआईयूजर्स ने भुगतान सहित खरीदारी पूरी करने या उसमें मदद के लिए इनका सहारा लिया, जबकि स्वतंत्र एआई टूल के मामले में यह आंकड़ा 14 प्रतिशत रहा।

आगे और बढ़ेगा एआई पर भरोसा

सर्वे में यह भी सामने आया कि ग्राहक आने वाले समय में खरीदारी पूरी करने के लिए एआई पर और अधिक भरोसा करने को तैयार हैं। खरीदारी की छह प्रमुख श्रेणियों में 21 से 30 प्रतिशत एआई यूजर्स ने कहा कि वे एआईटूल के जरिये अपना पूरा भुगतान और लेनदेन करने की अनुमति दे सकते हैं।

यह संख्या उन लोगों के अनुपात से करीब डेढ़ गुना है, जिन्होंने वास्तव में अब तक ऐसा किया है। वैश्विक स्तर पर 14 प्रतिशत एआई यूजर्स ने बताया कि वे खरीदारी पूरी करने के लिए एआई टूल का इस्तेमाल कर चुके हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, 81 प्रतिशत एआई यूजर्स का कहना है कि इन टूल की मदद से उत्पादों के विकल्पों को छांटना और अपनी जरूरत के मुताबिक चुनाव करना आसान हो जाता है। वहीं, 80 प्रतिशत को बार-बार स्क्राल करने और अलग-अलग वेबसाइटों पर क्लिक करने से छुटकारा मिला है। करीब 79 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने माना कि एआई से उनका काफी समय बचता है।

ब्रांडों और कंपनियों के सामने भी चुनौती

मैकेंजी का मानना है कि एआई आधारित खरीदारी का चलन बढ़ने के साथ खुदरा कंपनियों और ब्रांडों के सामने भी नई चुनौती होगी। उन्हें अपने उत्पादों की जानकारी, कीमत, उपलब्धता और डिलीवरी से जुड़े आंकड़ों को अधिक सटीक और अद्यतन रखना होगा, ताकि एआई टूल ग्राहकों को सही जानकारी दे सकें।


मैकेंजी के सर्वे का गणित

- 56 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने खरीदारी के लिए आजमाए स्वतंत्र एआईचै ट और सर्च टूल
- 29% खरीदारों का दावा, हालिया खरीदारी में एआई टूल का योगदान बढ़ा
- 27% उपभोक्ताओं ने रिटेल कंपनियों के एआई टूल पर जताया भरोसा
- 15% यूजर्स ने सलाह से लेकर खरीदारी तक में एआई टूल की मदद ली
- 81% यूजर्स ने कहा एआई से उत्पाद का चयन आसान हो जाता है
- 80% ने कहा अलग-अलग वेबसाइटों पर जाने से छुटकारा मिलता है
- 79% लोगों ने कहा- एआई से उनका काफी समय बचता है

(समाचार एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।