AI के भविष्य पर छिड़ी बहस, अलेक्जेंडर वांग ने दी सुपरइंटेलिजेंस के जोखिम की चेतावनी; यान लीकुन ने एंथ्रोपिक सीईओ पर साधा निशाना
एआई के भविष्य को लेकर विशेषज्ञों में मतभेद गहरा रहे हैं, जहां मेटा के अलेक्जेंडर वांग ने सुपरइंटेलिजेंस के नियंत्रण पर चिंता जताई है।

एआई के भविष्य पर छिड़ी तीखी बहस अलेक्जेंडर वांग ने दी सुपरइंटेलिजेंस की चेतावनी (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का विकास जितनी तेजी से हो रहा है, उसके भविष्य को लेकर विशेषज्ञों के बीच मतभेद भी उतने ही गहरे होते जा रहे हैं।
कोई इसे मानवता के लिए संभावित खतरा मानते हुए नियंत्रण और सुरक्षा की जरूरत बता रहा है, तो कोई इन आशंकाओं को तकनीकी प्रतिस्पर्धा और कारोबारी हितों से जोड़कर देख रहा है। मेटा के मुख्य एआई अधिकारी अलेक्जेंडर वांग ने चेताया है कि समाज को एआई के हवाले नहीं किया जा सकता।
वहीं, मेटा के पूर्व मुख्य एआई विज्ञानी यान लीकुन ने एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई पर एआई के खतरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया है।
एएनआई के अनुसार, वांग ने 'सुपरइंटेलिजेंस इज अराइविंग' शीर्षक से लिखी पोस्ट में कहा कि उन्नत एआई सिस्टम का विकास ऐसे मोड़ पर पहुंच रहा है, जहां उन पर मानवीय नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। अगले साल लिए जाने वाले फैसले समाज के भविष्य को प्रभावित करेंगे। उन्होंने एआई कंपनियों से तकनीकी प्रगति के साथ सुरक्षा और मानवीय मूल्यों के अनुरूप सिस्टम विकसित करने पर भी ध्यान देने की अपील की।
वांग ने एआई की मदद से गणित की चर्चित 'रीमैन हाइपोथिसिस' को हल करने के दावे का हवाला देते हुए कहा कि मशीनों की बौद्धिक क्षमता तेजी से बढ़ रही है। कोडिंग, साइबर सुरक्षा और एआई एजेंटों में पिछले दो वर्षों की प्रगति भी इसकी गवाही देती है। उन्होंने आगाह किया कि यदि सिस्टम बिना सार्थक मानवीय निगरानी के खुद को बेहतर बनाने लगें तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
लीकुन ने अमोदेई की मंशा पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, एआई के क्षेत्र के दिग्गज और तुरिंग पुरस्कार विजेता यान लीकुन ने एंथ्रोपिक के प्रमुख डारियो अमोदेई की आलोचना की है। उन्होंने एक्स पर आरोप लगाया कि अमोदेई लंबे समय से एआई के खतरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, ताकि ओपन-सोर्स माडल पर प्रतिबंध लगे और उनकी कंपनी को फायदा मिले।
लीकुन ने जुलाई 2023 के एक वीडियो का हवाला दिया, जिसमें अमोदेई ने अमेरिकी सांसदों के सामने ओपन-सोर्स एआई के जोखिम गिनाए थे। उनका तर्क था कि क्लोज माडल पर कंपनियां निगरानी और सुरक्षा नियंत्रण रख सकती हैं, जबकि ओपन माडल जारी होने के बाद उन्हें वापस लेना मुश्किल है। लीकुन ने इसे स्वतंत्र रूप से तकनीक तक पहुंच सीमित करने की कोशिश बताया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमोदेई ने ओपनएआई में मतभेदों के बाद 2020 में कंपनी छोड़ी और 2021 में एंथ्रोपिक की स्थापना की। इस तरह एआई का भविष्य अब केवल तकनीकी विकास का सवाल नहीं रह गया है, बल्कि सुरक्षा, स्वतंत्र पहुंच और कारोबारी हितों के बीच बहस का विषय भी बन गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।