पुलवामा आतंकी हमले के बाद आज इस्लामाबाद पहुंचेंगे भारत के उच्चायुक्त
पाकिस्तान स्थित भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचेंगे। पुलवामा हमले के बाद परामर्श के लिए बिसारिया को पिछले महीने नई दिल्ली बुलाया गया था।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पाकिस्तान स्थित भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचेंगे। पुलवामा हमले के बाद परामर्श के लिए बिसारिया को पिछले महीने नई दिल्ली बुलाया गया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, 'पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया यहां सरकार के साथ अपना परामर्श पूरा करने के बाद इस्लामाबाद लौट रहे हैं। वह 9 मार्च 2019 को इस्लामाबाद पहुंचेंगे और फिर से अपना काम शुरू करेंगे। वह भारतीय उच्चायुक्त के पाकिस्तान लौटने के संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।
बता दें कि 14 फरवरी को पुलवामा में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। इस आत्मघाती हमले में 40 से अधिक सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। तनाव के बाद भारत और पाकिस्तान ने अपने उच्चायुक्तों को परामर्श के लिए बुला लिया था।
भारत लौटने से पहले इमरान से मिले पाक उच्चायुक्त
इस्लामाबाद : भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त सोहेल महमूद ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के मुताबिक उच्चायुक्त ने नई दिल्ली स्थित उच्चायोग लौटने से पहले प्रधानमंत्री से मुलाकात कर भारत-पाकिस्तान संबंधों पर चर्चा की।