बंगाल: न्यूटाउन से अफगान नागरिक 'ओसामा' गिरफ्तार, एसटीएफ खंगाल रही संपर्क
बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार को न्यूटाउन संलग्न क्षेत्र से अब्दुल हकीम उर्फ ओसामा नामक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वह अवैध रूप से कोलकाता में रह रहा था।

बंगाल: न्यूटाउन से अफगान नागरिक 'ओसामा' गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
फर्जी पासपोर्ट के इस्तेमाल का भी आरोप, दस्तावेजों की जांच में जुटे अधिकारी
वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से कोलकाता में रह रहा था
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार को न्यूटाउन संलग्न क्षेत्र से अब्दुल हकीम उर्फ ओसामा नामक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वह अवैध रूप से कोलकाता में रह रहा था। उस पर फर्जी पासपोर्ट के इस्तेमाल का भी आरोप है। एसटीएफ अब उसके संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक सूचना के आधार पर शनिवार को न्यूटाउन में अभियान चलाकर ओसामा को दबोचा गया। जांचकर्ताओं के सामने अहम सवाल यह है कि वीजा खत्म होने के बाद भी वह इतने समय तक यहां कैसे ठहरा रहा। वह कब और किस मकसद से भारत आया था, इसकी भी जांच की जा रही है।
अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि कोलकाता में रहने के दौरान ओसामा किन लोगों के संपर्क में आया और क्या उसके अवैध रूप से रहने में किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका थी। उसके पास मिले दस्तावेजों की सत्यता की भी जांच हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम की धारा 14 के तहत केस दर्ज करने की तैयारी है और एसटीएफ उसे विधाननगर अदालत में पेश कर हिरासत में लेने की मांग कर सकती है।