अदाणी समूह ने ताराली प्रोजेक्ट से जुड़े आरोपों को किया खारिज, कहा- प्रस्ताव में दर्ज राशि केवल साइट इंवेस्टीगेशन का खर्च
अदाणी समूह ने उन आरोपों को खारिज किया है कि उसकी नवीकरणीय ऊर्जा इकाई अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने ...और पढ़ें

अदाणी समूह ने ताराली परियोजना की लागत घटाकर वैधानिक दायित्व घटाने के आरोप नकारे
HighLights
कहा, ऑनलाइन प्रपोजल में दर्शाई राशि सिर्फ साइट इंवेस्टीगेशन की लागत
लागत में कमी का मकसद वन्य जीव संरक्षण से जुड़ा खर्च घटाना भी नहीं
पीटीआई, नई दिल्ली। अदाणी समूह ने उन आरोपों को खारिज किया है कि उसकी नवीकरणीय ऊर्जा इकाई अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने ताराली पंम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) की अनुमानित लागत घटाने की कोशिश की, ताकि वैधानिक दायित्व कम किए जा सकें।
समूह ने कहा कि ऑनलाइन फोरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ क्लीयरेंस प्रपोजल में दर्शाई गई राशि केवल शुरुआती स्थलीय जांच (साइट इंवेस्टीगेशन) एवं सर्वेक्षण से जुड़ी थी।
समूह के प्रवक्ता ने कहा कि ऑनलाइन प्रपोजल सिर्फ स्थलीय जांच के उद्देश्य से दाखिल किया गया था, जबकि राज्य वन्यजीव बोर्ड (एसबीडब्ल्यूएल) ने परियोजना की कुल लागत 5,675 करोड़ रुपये मानी थी।
समूह ने एक मीडिया रिपोर्ट के जवाब में कहा, 'चूंकि स्थलीय जांच की लागत परियोजना लागत का लगभग एक प्रतिशत होती है, इसलिए ऑनलाइन प्रपोजल में परियोजना की 56.75 करोड़ रुपये की राशि को स्पष्ट किया गया था, जो केवल स्थलीय जांच व सर्वेक्षण की लागत है।'
एक अंग्रेजी अखबार ने खबर दी थी कि अदाणी ग्रीन एनर्जी ने संशोधित हलफनामे के जरिये महाराष्ट्र में 1500 मेगावाट की ताराली पम्प्ड स्टोरेज परियोजना की घोषित लागत 5,675 करोड़ रुपये से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये कर दी।
इससे सह्याद्री टाइगर रिजर्व के लिए उसका अनिवार्य वन्यजीव संरक्षण अंशदान 227 करोड़ रुपये से घटकर करीब 2.27 करोड़ रुपये रह गया। इस कदम के बाद केंद्र ने जांच के आदेश दिए हैं।
समूह ने इस आरोप को खारिज किया कि लागत में कमी का मकसद संरक्षण से जुड़ा खर्च घटाना था। उसका कहना है कि परियोजना में कोई संरक्षित वन या वन्यजीव क्षेत्र शामिल नहीं है। ताराली पीएसपी पूरी तरह निजी, गैर-वन भूमि पर स्थित है और कोयना वन्यजीव अभयारण्य से 3.2 किलोमीटर दूर है।
परियोजना सह्याद्री टाइगर रिजर्व के अधिसूचित बफर जोन के बाहर है और बाघ गलियारे या किसी अधिसूचित ईको-सेंसटिव जोन को प्रभावित नहीं करती और न ही उसके आसपास स्थित है।