घूसखोरी विवाद में नया मोड़: अपने ही आरोपों से पलटे अभिनेता कपिल खादीवाला, बोले- मेरे पास सबूत नहीं
पूछताछ के दौरान कपिल ने पुलिसकर्मियों पर घूस मांगने के आरोपों के समर्थन में कोई सबूत होने से इनकार किया। उनका कहना था कि प्रोडक्शन मैनेजर प्रकाश त्रिपाठी ने उन्हें शूटिंग के दौरान हुई घटना के बारे में बताया था।

घूसखोरी के आरोपों पर पलटे एक्टर कपिल खादीवाला (फोटो- इंस्टाग्राम)
HighLights
शूटिंग के दौरान पुलिस पर अभद्रता और वसूली का लगाया था आरोप
कपिल खादीवाला से बुधवार दोपहर कनाड़िया थाने में पूछताछ की गई
जेएनएन, इंदौर। पुलिस को घूसखोर बताने और पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह की तुलना अभिनेता सलमान खान से करने के मामले में मॉडल एवं एक्टर कपिल खादीवाला से बुधवार दोपहर कनाड़िया थाने में पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान कपिल ने पुलिसकर्मियों पर घूस मांगने के आरोपों के समर्थन में कोई सबूत होने से इनकार किया। उनका कहना था कि प्रोडक्शन मैनेजर प्रकाश त्रिपाठी ने उन्हें शूटिंग के दौरान हुई घटना के बारे में बताया था।
पुलिस ने प्रकाश त्रिपाठी को भी बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।पुलिस के अनुसार, कपिल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया था कि वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनकी टीम के साथ अभद्रता की, धमकाया और रुपयों की मांग की।
वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की थी।
उन्होंने यह भी कहा था कि पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उनका रवैया उन्हें अभिनेता सलमान खान जैसा लगा।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद कनाड़िया थाना और क्राइम ब्रांच की ओर से कपिल को नोटिस जारी किया गया था। बुधवार को कपिल थाने पहुंचे और टीआइ तिलक करोले के सामने अपने बयान दर्ज कराए।