शिवसेना नेता संजय राउत को फोन पर धमकी देनेवाला कथित दाऊद गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स ने संजय राउत को अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से धमकी दी थी। इसने खुद को दाऊद इब्राहिम गिरोह के सदस्य बताया था।
मुंबई, एएनआइ। शिवसेना नेता संजय राउत को फिल्म एक्ट्रेस कंगना रनौत से जुबानी जंग कुछ ज्यादा ही भारी पड़ती नजर आ रही है। कंगना के कई फैन्स संजय राउत से बेहद नाराज हो गए हैं। ऐसे ही एक नाराज शख्स ने तो संजय राउत को फोन पर धमकी भी दे डाली। पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स ने संजय राउत को अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से धमकी दी थी। इसने खुद को दाऊद इब्राहिम गिरोह के सदस्य बताया था। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता ने इस शख्स को गिरफ्तार किया है।
आरोपी शख्स की गिरफ्तारी को लेकर मुंबई एटीएस के डीसीपी विक्रम देशमान ने बताया कि जब हमने कॉल को ट्रेस किया, तो पता चला कि वो कोलकात का है। शुरुआती जांच में कुछ संकेत मिले है कि पहले भी वो कुछ अन्य राजनेताओं को धमकी भरे कॉल कर चुका है। देशमान ने बताया कि शख्स ट्रांजिट में है और 14 सितंबर को अदालत में पेस किया जाएगा।
धमकी भरे फोन कॉल के बाद शिवसेना नेता संजय राउत के घर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। गौरतलब है कि शुक्रवार को संजय राउत को सोशल नेटवर्किंग साइट पर कथित तौर पर धमकी देने वाले एक शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है। इस शख्स ने दावा किया है कि वह अभिनेत्री कंगना रनौत का फैन है।