यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आप के स्टिंग से दिल्ली की सियासत गर्म
दिल्ली में नई सरकार की हलचल के बीच अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दिल्ली में नई सरकार की हलचल के बीच अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। सोमवार सुबह केजरीवाल ने प्रेस वार्ता बुलाकर 'ऑपरेशन पर्दाफाश' नाम से स्टिंग जारी किया। इसमें कथित तौर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर आप विधायक दिनेश मोहनिया को भाजपा के पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल का कहना है कि डागर ने दिनेश को चार करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश की। इस बीच भाजपा ने खुद को बेकसूर बताने वाले डागर से पल्ला झाड़ते हुए नोटिस भेजकर उन्हें जवाब तलब किया है। जबकि कांग्रेस का कहना है कि इससे सत्ता की भूखी भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ गया।
कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा भंग करने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा है, जिसकी सुनवाई मंगलवार को है। वह तभी अदालत को यह स्टिंग सौंपेंगे। आप संयोजक ने कहा कि जिन-जिन विधायकों से भाजपा ने संपर्क किया है, सभी पलटवार करने वाले हैं। भाजपा की इस करतूत की शिकायत चुनाव आयोग से भी करेंगे और पूछेंगे कि पार्टी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अपने विधायक दिनेश मोहनिया की जान को खतरा भी बताया।
स्टिंग ऑपरेशन सार्वजनिक होने से भाजपा में खलबली मच गई है। शेर सिंह डागर का कहना है कि आप विधायक स्वयं उनके घर मिलने आए थे। उनसे खरीद-फरोख्त जैसी कोई बात नहीं हुई थी। पार्टी के कई नेताओं ने डागर को भाजपा से निकाले जाने की मांग की है। दूसरी ओर कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी का कहना है कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए भाजपा मरी जा रही है। वह हर तरह से जोड़-तोड़कर सत्ता पाना चाहती है। यह पूरी तरह से असंवैधानिक और अवैध है।
