विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'20 गद्दार', कल्याण बनर्जी ने संसद परिसर में अपने ऊपर चिपकाए पोस्टर तो प्रियंका गांधी बोलीं- जरा मुड़ो और दिखाओ

Published: Thu, 30 Jul 2026 02:17 PM (IST)

संसद परिसर में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने अपने ऊपर '20 गद्दार' वाले पोस्टर लगाए, जिस पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने उनसे मजाकिया अंदाज में बातचीत की।

HighLights

  1. कल्याण बनर्जी ने संसद में '20 गद्दार' वाले पोस्टर लगाए।

  2. प्रियंका गांधी ने मजाकिया अंदाज में पोस्टर दिखाने को कहा।

  3. बागी सांसदों, दल-बदल कानून और कांग्रेस-टीएमसी संबंधों पर चर्चा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद परिसर में तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बीच मस्ती मजाक देखने को मिली। दरअसल, कल्याण बनर्जी ने अपने ऊपर टीएमसी छोड़ एनसीपीआई में शामिल हुए सांसदों पर तंज कसते हुए 20 गद्दार वाले पोस्टर चिपका रखे थे। इस पर प्रियंका गांधी ने पोस्टर की ओर उंगली उठाई और उनसे पूछा क्या पीछे भी ऐसा ही है।

इस पर टीएमसी सांसद ने जवाब दिया, 'हां।' गांधी ने 69 साल के तृणमूल सांसद से कहा, "घूमिए और दिखाइए।" साथ ही उन्हें फोटो जर्नलिस्टों के उस समूह की ओर इशारा किया जो इंतजार कर रहे थे। तृणमूल सांसद ने अपना ध्यान हटाने के लिए कहा, "वे तुम्हारे लिए आए हैं। मेरा काम हो गया है।"

कल्याण बनर्जी ने की प्रियंका की तारीफ

जब तृणमूल सांसद जा रहे थे तो उन्होंने कांग्रेस नेता की अच्छी स्पीच के लिए तारीफ की। ममता बनर्जी के करीबी कल्याण बनर्जी ने थंब्स अप करते हुए कहा, "कल आपने बहुत अच्छा बोला।" प्रियंका ने जवाब में कहा, "धन्यवाद।"

इसी समय एक रिपोर्टर ने पोस्टर की ओर इशारा करते हुए पूछा, "कल्याण बनर्जी, आप क्या लाए हैं?" बनर्जी ने कहा, "ये 20 गद्दारों की तस्वीरें हैं।" उन्होंने आगे और पीछे पोस्टर लगा रखे थे जिन पर बागी तृणमूल लोकसभा सांसदों की तस्वीरें थीं।

'मोदी जी के बगल में बैठे हैं गद्दार सांसद'

जब कल्याण बनर्जी से पूछा गया कि बागी सांसद कहां हैं तो उन्होंने कहा, "यहीं संसद के अंदर मोदी जी के बगल में बैठे हैं।" किसी ने पूछा कि इन सांसदों का क्या होना चाहिए तो कल्याण बनर्जी ने कहा, "इसे दल-बदल का मामला माना जाना चाहिए। दल-बदल की याचिका दायर की गई है। पांच हफ्ते बीत चुके हैं फिर भी कुछ नहीं हुआ लेकिन बीजेपी के राज में कुछ भी हो सकता है।"

प्रियंका गांधी कांग्रेस सांसद के साथ वहां खड़ी होकर ये बातें सुन रही थीं। उन्होंने इस मौके पर दखल देते हुए कहा, "हमारे पक्ष से कुछ सांसद आपके पक्ष में और फिर बीजेपी में चले गए।"

बनर्जी ने कहा, "वे लोग हमारे टिकट पर जीते थे। आपके लोग तो 2014 में ही आपका साथ छोड़ चुके थे। बंगाल में आपकी कोई मौजूदगी नहीं थी और न ही अब है इसीलिए वे कभी आपके टिकट पर संसद नहीं पहुंचे।"

चर्चा में पप्पू यादव भी हुए शामिल

इसके बाद निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी बातचीत में शामिल हो गए और उन्होंने कहा, "कांग्रेस अभी भी है।" तृणमूल सांसद ने कहा कि वह भी एक समय कांग्रेस का हिस्सा थे।

कल्याण बनर्जी ने कहा, "मैं भी कांग्रेस में था। मैं यूथ कांग्रेस का उपाध्यक्ष था। आप लोगों ने ममता (बनर्जी) दीदी को बाहर का रास्ता दिखाया। अगर आपने दीदी को नहीं निकाला होता तो आज आपकी यह हालत नहीं होती। आपने 1997 में दीदी को बाहर कर दिया था।"

प्रियंका गांधी ने फिर दखल दिया और कहा कि कांग्रेस में ममता बनर्जी के साथ अच्छा व्यवहार किया गया था। उन्होंने कहा, "राजीव (गांधी) जी ममता (बनर्जी) जी का बहुत सम्मान करते थे।" इस पर बनर्जी ने कहा, "मुझे पता है। राजीव जी दीदी को बहुत पसंद करते थे और उनका बहुत सम्मान करते थे।" उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस ने सीपीएम के साथ हाथ मिला लिया, जिसके खिलाफ वे लड़ रहे थे।

प्रियंका गांधी वहां सिर हिलाती हुई खड़ी थीं। कांग्रेस के एक साथी नेता ने किसी चीज की ओर इशारा किया और प्रियंका ने बनर्जी की तरफ सिर हिलाते हुए वहां से निकल गईं। कल्याण बनर्जी मुस्कुराते हुए पत्रकारों की ओर मुड़े, जबकि पोस्टर अभी भी उनके गले में लटके हुए थे।

यह भी पढ़ें: 'पुलिस को पैलेट गन का इस्तेमाल करने का अधिकार', CJP प्रदर्शन में सुरक्षाबलों के एक्शन पर SC की टिप्पणी