Cyclonic Storm : मौसम विभाग का अनुमान, 16 मई को आ सकता है चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर आज सुबह एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।
नई दिल्ली, एएनआई। भारत में एक बार फिर मौसम में बदलाव हो रहा है। पिछले दो-तीन दिनों में कई राज्यों में धूल भरी तेज हवाओं ने इस बात के संकेत दिए हैं। दिन में तेज गर्मी और रात को अचानक मौसम में बदलाव होने की खबरें सामने आ रही हैं। फिलहाल अनुमान यह है कि अगले 24 घंटों में देश के कई राज्यों में इसी तरह धूल भरी आंधी चल सकती है। वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर आज सुबह एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। अनुमान है कि 16 मई तक शाम एक चक्रवाती तूफान तैयार हो सकता है।
A low-pressure area formed over the South-East Bay of Bengal and the adjoining South Andaman Sea today morning. To intensify into a cyclonic storm by 16th May evening: India Meteorological Department (IMD) pic.twitter.com/Y5IPXAgYRM
— ANI (@ANI) May 13, 2020
वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की मानें तो उत्तर भारत के कई शहरों में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान करीब 70 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी
आईएमडी ने बताया कि इस वक्त उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है। इसका असर पर्वतीय इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बना हुआ है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें मौसम खराब होने की चेतावनी दी जाती है। इस दौरान लोगों से बाहर निकलने पर सावधानी बरतने को कहा गया है।
तेज हवाअों के साथ हो सकती है हल्की बारिश (weather today rain and storm possible says forcast)
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को एक बार फिर सक्रिय होगा। इससे बीते रविवार की तरह आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं, 70 किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चलेंगी। इस दौरान हल्की बारिश होने की भी संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है।
उधर, रविवार को आई आंधी के बाद जिस तरह से तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी, उससे बीते दो दिन में इसमें ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है। इससे बुधवार की आंधी व बारिश के दौरान तापमान में बड़ा फेरबदल नहीं होगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34 व 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है।
बंगाल में 7 जून को दस्तक देगा मानसून
बंगाल में इस साल मानसून 7 जून को दस्तक दे सकता है, यानी पूर्व अनुमानित समय से दो दिन पहले। मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी बादलों के उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में पहले 9 जून को पहुंचने की बात थी, लेकिन अब 7 जून से बारिश शुरू हो सकती है। इसी तरह सिलीगुड़ी में भी 9 जून से मानसून की बारिश शुरू होने का अनुमान था, लेकिन नए अनुमान के मुताबिक यह अब एक दिन पहले यानी 8 जून है। हालांकि कोलकाता पहुंचने में मानसूनी बादलों को इस साल एक दिन का विलंब हो सकता है। पहले मानसूनी बादलों के 10 जून को कोलकाता पहुंचने का अनुमान था, जो अब 11 जून बताया जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवाएं अगले शनिवार को अंडमान निकोबार में प्रवेश कर सकती हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओड़िशा, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून में 3-7 दिन का विलंब हो सकता है। नई दिल्ली में बारिश सामान्य तौर पर 23 जून को दस्तक देती थी। इस साल इसकी तारीख 28 जून बताई जा रही है।