मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, गोलीबारी में एक महिला की मौत; कूकी संगठन ने किया 48 घंटे के बंद का आह्वान
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार को संदिग्ध उग्रवादियों के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कुकी समुदाय की ...और पढ़ें

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, गोलीबारी में एक महिला की मौत (फोटो- एक्स)
HighLights
मणिपुर में गोलीबारी में कुकी महिला की मौत हुई है
चूड़चंदपुर जिले में 10 फीट लंबा रॉकेट, चार मोर्टार बरामद
खेत में काम कर रही थी महिला, दो युवक घायल
कूकी संगठन ने किया 48 घंटे के बंद का आह्वान
पीटीआई, इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार को संदिग्ध उग्रवादियों के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कुकी समुदाय की एक महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुकी संगठन ने जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया है।
संगठन ने सरकार से जिले से सभी सुरक्षाबलों को हटाने की मांग की है। उसका आरोप है कि सुरक्षाबल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, प्रतिद्वंद्वी विद्रोही गुटों के बीच गोलीबारी सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास शुरू हुई।
इस दौरान गोली लगने से ताफौ कुकी गांव की महिला के. चोंगलोई की मौत हो गई। वह खेत में काम कर रही तभी उसे गोली लगी। गोलीबारी में एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई घायल हुए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।
इलाके में सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। मामले में जांच शुरू कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षाबलों ने सेनापति जिले के पास के ताफौ गांव में भी तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय लोगों, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं, ने सुरक्षाबलों को गांव की ओर बढ़ने से रोकने की कोशिश की।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में ताफौ कुकी गांव के दो युवक 28 अक्टूबर को लापता हो गए थे। उनके शव एक नवंबर को पड़ोसी सेनापति जिले में मिले थे। इस मामले में कुकी संगठन कमेटी आन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) पहले से प्रदर्शन कर रहा है।
संगठन की मांग है कि ताफौ कुकी गांव को सेनापति के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में रखा जाए। राज्य सरकार इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपने पर विचार कर रही है।
उधर, उखरुल जिले के सिनाकेइथी के पास धान की कटाई कर रहे किसानों के समूह पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलीबारी की। इसमें एक व्यक्ति को गोली लगी। सुरक्षाबलों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और अन्य किसानों को सुरक्षित बचाया।
इस बीच चूड़चंदपुर जिले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को 10 फीट लंबा राकेट, चीन में बने चार मोर्टार और छह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) समेत हथियार और गोला बारूद बरामद किए हैं। एक अन्य अभियान में सुरक्षाबलों ने कांगपोकपी जिले में यात्री बस की तलाशी के दौरान 1.147 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट जब्त कीं। मेथामफेटामाइन मादक पदार्थ होता है।
सभी समुदायों के प्रतिनिधित्व वाली समिति बनाएगी मणिपुर सरकार
आईएएनएस के अनुसार मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने कहा है कि सरकार राज्य के सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली समिति गठित करने की दिशा में कदम उठाएगी। समुदायों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस समिति का गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इंफाल स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में मणिपुर के 10 जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से इस तरह की समिति को लेकर पूछे गए सवाल के बाद सरकार ने इस समिति के गठन की दिशा में कदम उठाने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री ने यह जानना चाहा था कि क्या मणिपुर में ऐसा कोई साझा मंच मौजूद है, जो विभिन्न समुदायों के बीच एकता को बढ़ावा दे सके। मुख्यमंत्री ने हाल में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी और मणिपुर से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।