मौसम खराब होने से बंगाल की खाड़ी में डूबा एक ट्रॉलर हुआ बरामद, मछुआरे का शव मिला
हेलीकॉप्टर की मदद से लापता 18 मछुआरों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता । बंगाल की खाड़ी में शनिवार को डूबे मछुआरों के तीन ट्रॉलर में से एमवी जयकिशन नामक ट्रॉलर को जर्जर हालत में बुधवार को बरामद कर लिया गया। साथ ही एक मछुआरे का शव भी बरामद हुआ है।
क्षतिग्रस्त ट्रॉलर और शव को समुद्र की गहराई से किनारे लाने के लिए पाराद्वीप से जहाज मंगवाया गया था। हालांकि एमवी मां शिवानी और एमवी मल्लेश्वर नामक दो अन्य ट्रॉलरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोनों ट्रॉलरों के अलावा 18 मछुआरों की तलाश में कोस्टगार्ड, मछुआरों का संगठन और रिवर पुलिस अभियान चला रही है।
इस कार्य में कोस्टगार्ड के दो हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोस्टगार्ड, जिला प्रशासन और मछुआरों के संगठन की टीम डूबे ट्रॉलर और लापता मछुआरों की तलाश में खाड़ी में अभियान चला रही थी। तभी उनकी नजर केंद्रों द्वीप से 30 नॉटिकल मील दूर डलहौसी द्वीप के पास एमवी जयकिशन नामक ट्रॉलर पर पड़ी जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। वहां जाकर तलाशी ली गई, तो एक मछुआरे का शव मिला। टीम बाकी मछुआरों की तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि गत शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले(पश्चिम बंगाल) के काकद्वीप और नामखाना के साथ ही आसपास के इलाकों से मछुआरों का समूह बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने गया था। मौसम खराब होने के कारण एमवी जयकिशन, एमवी मल्लेश्वर और एमवी मां शिवानी नामक ट्रॉलरों पर सवार मछुआरे बीच समुद्र से वापस लौटने लगे थे, लेकिन केंदो द्वीप के पास से गुजरने के दौरान समुद्र में उठ रही लहरों के कारण तीनों ट्रॉलर टूट कर डूब गए थे।