राजस्थान: तेज रफ्तार कार ट्रांसफॉर्मर से टकराई, धूं-धूं कर जलने लगी गाड़ी; 6 लोग बाल-बाल बचे
राजस्थान के अलवर में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। भीषण टक्कर के बाद ट्रांसफॉर्मर और कार में आग लग गई, लेकिन कार में सवार सभी छह लोग चमत्कारिक तरीके से बिना चोट के बच गए।

राजस्थान: तेज रफ्तार कार ट्रांसफॉर्मर से टकराई, आग लगी
HighLights
टक्कर के बाद ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह नष्ट हो गया और कार बुरी तरह जलकर खाक हो गई
चालक के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की गई है, जांच जारी है
डिजिटल डेस्क, अलवर। जो को राखे साइंया मार सके न कोय.... यह कहावत राजस्थान में साकार हो गई है। राजस्थान के अलवर में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। भीषण टक्कर के बाद ट्रांसफॉर्मर और कार में आग लग गई, लेकिन कार में सवार सभी छह लोग चमत्कारिक तरीके से बिना चोट के बच गए।
घटना गुरुवार सुबह खैरथल इलाके में हुई। स्वामी ध्यानगिरी मार्ग (किशनगढ़ रोड से जुड़ा) पर खाली सड़क के कोने पर लगे ट्रांसफॉर्मर बॉक्स से सफेद सेडान कार सिर के बल टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफॉर्मर तुरंत आग की लपटों और चिंगारियों के साथ फट गया। वह अपनी जगह से उखड़कर गिर गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कार के छह यात्री तेजी से बाहर निकलते हैं। कुछ देर बाद उनकी आंखों के सामने ही कार में भीषण आग लग जाती है और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह जल जाता है। मौके पर भीड़ जमा हो गई। ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह नष्ट हो गया और कार बुरी तरह जलकर खाक हो गई।
सहायक अभियंता दिनेश भांडाना ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार पर अस्थायी रजिस्ट्रेशन नंबर लगा था। चालक के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की गई है। जांच जारी है।