Move to Jagran APP

देश में कोरोना से प्रति 10 लाख की आबादी पर 73 मौतें, दुनिया में ठीक हुए मरीजों में 21 फीसद भारत में

भारत में अब तक 54 लाख से अधिक लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। ठीक होने वाले मरीजों के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष पर है। देश में प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना से होने वाली मौतें भी दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले बहुत कम है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sat, 03 Oct 2020 10:30 PM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2020 10:30 PM (IST)
देश में कोरोना से प्रति 10 लाख की आबादी पर 73 मौतें, दुनिया में ठीक हुए मरीजों में 21 फीसद भारत में
देश में प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना से होने वाली मौतें भी अन्य देशों के मुकाबले बहुत कम है।

नई दिल्ली, जेएनएन। भारत में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है। अब तक 54 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं। ठीक होने वाले मरीजों के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष पर बना हुआ है। 83.84 फीसद मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 1.56 फीसद के साथ भारत सबसे कम मृत्युदर वाले देशों में भी शुमार है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में प्रति 10 लाख आबादी पर कोरोना से होने वाली मौतें भी दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले बहुत कम है। प्रति 10 लाख आबादी पर वैश्विक औसत 130 मौतों का है जबकि भारत में यह संख्या 73 है।

loksabha election banner

एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत

हालांकि, एक लाख से ज्यादा लोगों की इस महामारी से जान जा चुकी है। देश में कोरोना महामारी से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 54.27 लाख से अधिक हो गई है। बीते 24 घंटों के दौरान स्वस्थ हुए 75,628 मरीज इसमें शामिल हैं। दुनियाभर में कोरोना के स्वस्थ हुए मरीजों में भारत में 21 फीसद मरीज हैं। जबकि, कुल मामलों में 18.6 फीसद भारत में हैं। बीते 24 घंटे में 79 हजार से अधिक नए मामले आए जबकि 1,069 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 64.73 लाख से अधिक और मृतकों की संख्या एक लाख 842 हो गई है।

शुक्रवार को 11.32 लाख कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) ने बताया कि कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शुक्रवार को 11,32,675 नमूनों की जांच की गई। अब तक कुल सात करोड़ 78 लाख 50 हजार से अधिक सैंपल्स टेस्ट किए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र में सुधर रहे हालात

कोरोना संक्रमण से सबसे बुरी तरह प्रभावित महाराष्ट्र में हालात सुधरते नजर आ रहे हैं। नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। राज्य में 14,348 नए केस मिले हैं और कुल मामले 14.30 लाख को पार कर गए हैं। इस दौरान 16,835 मरीज ठीक हुए हैं और स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या भी 11.34 लाख से अधिक हो गई है। 278 मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा 37,758 पर पहुंच गया है। गुजरात में 1,343 नए केस मिले हैं और 12 लोगों की जान गई है। राज्य में अब तक 1.41 लाख मामले मिल चुके हैं और 3,490 मरीजों की मौत हुई है।

दिल्ली में बदल रही तस्वीर

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हालात नियंत्रण में आते नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामलों में गिरावट आ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में 2,258 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 2.87 लाख से अधिक हो गई है। कोरोना से और 34 (कुल 5,472) लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में 3,665 नए मामले मिले हैं और 61 लोगों की मौत हुई है। कुल मामले 4.10 लाख और कुल मौतें 5,977 हो गई है। ओडिशा में 3,053 नए केस के साथ संक्रमित 2.29 लाख और 17 मौतों के साथ मृतकों की संख्या 892 हो गई है।

केरल में एक दिन में रिकॉर्ड मरीज ठीक हुए

केरल में एक दिन में सबसे अधिक नए मामलों के सामने आने के बाद अब रिकॉर्ड संख्या में मरीज ठीक हुए हैं। एक दिन में 4,476 मरीजों ने कोरोना को मात दी है, जबकि 7,834 नए केस मिले हैं, जो पिछले दिन की तुलना में कम है। अब तक राज्य में 2.20 लाख से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि 813 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें पिछले 24 घंटों में हुई 22 मौतें शामिल हैं। अब तक 1.39 लाख मरीज ठीक भी हुए हैं।

आंध्र प्रदेश में 7.13 लाख मामले

तमिलनाडु में 5,622 नए केस साथ कुल मामले 6.14 लाख और 65 मौतों के साथ मृतकों की संख्या 9,718 पर पहुंच गई है। तेलंगाना में 1718 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा दो लाख (1.97 लाख) के करीब पहुंच गया है। आंध्र प्रदेश में 6,224 नए मामलों के साथ 7.13 लाख संक्रमित मिल चुके हैं। राज्य में और 41 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या 5,941 हो गई है। पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा में 190 नए केस मिले हैं और छह लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 26 हजार से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं और 286 लोगों की मौत भी हुई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.