विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

70 साल की लाचार बूढ़ी महिला, नंगे पैर खींचा स्ट्रेचर; राजकोट सिविल अस्पताल से हैरान कर देने वाला वीडियो

Published: Thu, 22 Oct 2026 03:16 PM (IST)

राजकोट सिविल अस्पताल में 70 वर्षीय महिला का बुजुर्ग रिश्तेदार को स्ट्रेचर पर ले जाने का वीडियो वायरल हुआ, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

HighLights

  1. 70 वर्षीय महिला ने राजकोट सिविल अस्पताल में खींचा स्ट्रेचर।

  2. घटना ने सरकारी अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

  3. अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू की, भविष्य के लिए SOP बनाने का वादा।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के राजकोट सिविल अस्पताल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामने आए वीडियो में 70 साल की महिला अपने एक बुजुर्ग रिश्तेदार को स्ट्रेचर पर ले जाती नजर आईं।

इस घटना से सरकारी अस्पताल में मरीजों की मदद के लिए की गई व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में उचित कार्रवाई करने की बात कही गई है।

70 साल की महिला खींच रही स्ट्रेचर

सौराष्ट्र का सबसे बड़ा हॉस्पिटल माने जाने वाले राजकोट सिविल अस्पताल में पूरे इलाके से मरीज आते हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग भी शामिल हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला को अस्पताल परिसर में अपने रिश्तेदार को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए देखा जा सकता है और वहां उनकी मदद के लिए स्टाफ से भी कोई और मौजूद नहीं था। 70 साल की महिला अकेले ही स्ट्रेचर को खींच रही थी।

इस घटना ने अस्पताल में मरीजों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की व्यवस्था पर ध्यान खींचा है। खासकर उन मरीजों के मामले में, जो छोटी-मोटी मदद के लिए भी स्टाफ पर निर्भर रहते हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद, सिविल अस्पताल के अकाउंट्स ऑफिसर एम. एस. रॉय ने इस घटना को दुखद बताया और पुष्टि की कि मामले की जांच की जा रही है।

अस्पताल प्रशासन ने स्ट्रेचर-ट्रांसपोर्ट सेवा मुहैया कराने वाली एजेंसी को नोटिस जारी किया। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक 'स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर' (SOP) लागू किया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन की तरफ से यह भी कहा गया है कि जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि बुजुर्ग महिला को खुद स्ट्रेचर क्यों खींचना पड़ा और क्या मरीजों को लाने-ले जाने के लिए जिम्मेदार एजेंसी अपनी ड्यूटी निभाने में नाकाम रही।

यह भी पढ़ें- गुजरात: 25 करोड़ की ड्रग्स के साथ 3 लोग गिरफ्तार, पुलिस गैंग के सदस्यों की तलाश में जुटी