गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह की रंगारंग शुरू, ग्रैमी विजेता संगीतकार रिकी केज के फ्यूजन संगीत ने बांधा समां
गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (इफ्फी) का रंगारंग आगाज हुआ, जिसमें ग्रैमी विजेता रिकी केज के संगीतमय फ्यूजन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह की शुरुआत (सोशल साइट X/ @AIRNewsHindi)
HighLights
इफ्फी का 57वां संस्करण गोवा में रंगारंग तरीके से शुरू हुआ।
ग्रैमी विजेता रिकी केज का संगीतमय फ्यूजन मुख्य आकर्षण रहा।
'सीमाओं से परे की कहानियां' थीम पर 86 देशों की फिल्में।
संजय मिश्र, गोवा। भारत के साथ ही वैश्विक सिनेमा और संगीतमय फ्यूजन की रोमांचक और रंगारंग प्रस्तुति के साथ ही भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े महोत्सव भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (इफ्फी) के 57वें संस्करण का यहां आगाज हुआ।
बेशक फिल्म समारोह की उदघाटन शाम का मुख्य आकर्षण तीन बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार पर्यावरणविद् रिकी केज की ‘अ वर्ल्ड ऑफ सिनेमा थ्रू म्यूजिक’ से सिंफोनिक ऑर्केस्ट्रा की संगीतमय प्रस्तुति रही जिसमें केज ने विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं को अपने संगीत के जरिए जीवंत किया।
बॉलीवुड के सितारे कार्तिक आर्यन, श्रद्धा कपूर से लेकर हाल ही में आयी फिल्म रामायण में सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री साई पल्लवी की मौजूदगी भी समारोह में सिने जगत की मौजूदगी दर्शा रही थी।
विश्व सिनेमा महोत्सवों में अपनी एक विशिष्ट पहचान रखने वाले भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह 2026 की थीम 'सीमाओं से परे की कहानियां’ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) के तहत 20 से 28 नवंबर तक फिल्म समारोह में 86 देशो की 150 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
पणजी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में शुक्रवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मुख्य अतिथि अभिनेता लोकसभा सांसद रवि किशन की मौजूदगी में समारोह का रंगारंग उद्घाटन किया। आधिकारिक समारोह से पूर्व फिल्म पोलैंड के फिल्मकार पावेल पावलिकोव्स्की निर्देशित फिल्म 'फादरलैंड' समारोह की उदघाटन फिल्म के रूप में प्रदर्शित की गई।
वहीं सिंगापुर के फिल्म निर्माता एंथनी चेन निर्देशित 'वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स' 28 नवंबर को विश्व सिनेमा के इस नौ दिवसीय उत्सव की समापन फिल्म के तौर पर दिखाई जाएगी। इस मौके पर प्रमोद सावंत ने कहा कि इफ्फी केवल भारत की फिल्मों का समारोह नहीं बल्कि वैश्विक कला और संस्कृतियों के मिलन का मंच है और बीते 22 सालों से लगातार इसका आयोजन कर रहे गोवा को इस पर गर्व है।
सूचना प्रसारण सचिव चंचल कुमार ने महोत्सव की थीम को शानदार बनाते हुए कहा कि अच्छे विचारों का प्रवाह जारी रहे इसके लिए सभी रास्ते खुले रहने चाहिए और इफ्फी इसका प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत के सांस्कृतिक जीवन में सिनेमा का एक अभिन्न स्थान है और यह फिल्म समारोह उसी की एक झलक है।
समारोह में भारतीय पैनोरमा खंड में 18 भाषाओं की 76 फिल्मों दिखाई जाएंगी। ब्रिक्स सिनेमा पर विशेष फोकस के साथ उनकी 21 फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं। साझेदार देश रूस तथा कंट्री आफ ऑनर स्पेन की बेहतरीन फिल्में भी सिनेमा प्रेमियों को देखने को मिलेंगी।
अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता जूरी की अध्यक्षता फिल्म निर्माता आनंद एल राय कर रहे जिसमें अर्जेंटीना के सोल बेरुएजो पिचोन-रिविएरे, रोमानिया के बोगदानमुरेसानु से लेकर कोलंबिया के मारिया एलेजांद्रारोजास जैसे नामी फिल्मकार शामिल हैं। भारतीय फीचर फिल्म जूरी की अध्यक्षता चर्चित फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर कर रहे हैं।
इस बार समारोह में दो नए खंड बनाए गए हैं जिसमे पहला एनिमेशन है जो एनिमेटेड सिनेमा में रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करेगा। दूसरा खंड फिल्म्स अबाउट फिल्म्स है जो फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को पांच फिल्मों के माध्यम से सामने लाएगा।
इसी तरह सूचना प्रसारण मंत्रालय की नवाचार की पहल क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो के जरिए महत्वाकांक्षी युवा फिल्म निर्माताओं को मास्टरक्लास, कार्यशालाओं, संवादात्मक सत्रों और 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती से लेकर सिनेमा की दुनिया को जानने का अवसर मिलेगा।
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के डायरेक्टर जाने-माने फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारीकर ने इस मौके पर सिनेमा की बदलाव लाने वाली ताकत का जिक्र करते कहा कि यह समारोह दुनिया को एक नए नजरिए से देखने का मौका मिलना का एक बड़ा उपहार है और सभी को कम से कम एक फिल्में यहां जरूर देखनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।