टोल प्लाजा पर नंबर प्लेट छिपाने या FASTag न लगाने पर लगेगा पांच गुना जुर्माना, NHAI का फैसला
सड़क परिवहन मंत्रालय ने मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर नंबर प्लेट छिपाने या फास्टैग न लगाने पर पांच गुना जुर्माना लगाने की घोषणा की है।

नंबर प्लेट छिपाने या फास्टैग न लगाने पर लगेगा जुर्माना (फाइल फोटो/पीटीआई)
HighLights
नंबर प्लेट छिपाने या फास्टैग न लगाने पर पांच गुना जुर्माना।
यह जुर्माना मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर लागू होगा।
टोल शुल्क से बचने के इरादे पर ही होगी यह कार्रवाई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से बचने के लिए जानबूझकर वाहन की नंबर प्लेट छिपाने, उसके साथ छेड़छाड़ करने या फास्टैग नहीं लगाने वाले वाहन चालकों को अब पांच गुना जुर्माना भरना होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने शुक्रवार को यह घोषणा की।
मंत्रालय के अनुसार, जुर्माने की राशि के अलावा वाहन चालक से निर्धारित टोल शुल्क भी वसूला जाएगा। जुर्माने की रकम संबंधित प्राधिकरण को दी जाएगी।
नंबर प्लेट छिपाने या फास्टैग न लगाने पर लगेगा जुर्माना
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई तभी होगी, जब यह साबित हो जाए कि नंबर प्लेट को छिपाने या फास्टैग नहीं लगाने का उद्देश्य टोल शुल्क से बचना था। यह नियम वाहन की आगे या पीछे की नंबर प्लेट अथवा दोनों को छिपाने के मामलों में लागू होगा।
मंत्रालय ने कहा कि ऐसे वाहनों की पहचान तकनीक आधारित मजबूत प्रणाली से की जाएगी। मल्टी-लेन फ्री फ्लो एक बाधारहित इलेक्ट्रॉनिक टोल प्रणाली है, जिसमें ऊपर लगे फास्टैग रीडर और आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे वाहनों की पहचान कर स्वतः टोल शुल्क काटते हैं।
इससे वाहनों को रुकना नहीं पड़ता और जाम, ईंधन की खपत तथा प्रदूषण कम होता है। यह जुर्माना मौजूदा और भविष्य में शुरू होने वाले सभी मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर लागू होगा।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- भारत ने iORA को पांच लाख डॉलर की मदद का किया एलान