45 वर्षीय शख्स की मौत को लेकर आई रिपोर्ट, कोरोना वायरस से था पीड़ित
अमरावती के जिला अधिकारी शैलेष नवल ने कहा है कि गुरुवार को जिस शख्स की मृत्यु हुई थी वह COVID-19 पॉजीटिव था। शनिवार को आई रिपोर्ट के बात इस बात का खुलासा हुआ है।
अमरावती, एएनआइ। आंध्र प्रदेश के अमरावती में गुरुवार को 45 वर्षीय शख्स की मौत कोरोना वायरस के कारण हुई थी। अमरावती के जिला अधिकारी शैलेष नवल ने कहा है कि गुरुवार को जिस शख्स की मृत्यु हुई थी वह COVID-19 पॉजीटिव था। शनिवार को आई रिपोर्ट के बात इस बात का खुलासा हुआ है।
इससे पहले शुक्रवार को कोरोना वायरस से पीड़ित दो मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था, जिनमें से एक 22 वर्षीय पुरुष है। यह पुरुष ब्रिटेन के न्यू कैसल में पढ़ाई कर रहा है, जिसे 15 मार्च को ओंगले सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया था। तीन बार उसका कोरोना वायरस टेस्ट किया गया और तीनों बार उसका टेस्ट नेगेटिव पाया गया, जिसके बाद उसे शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। दूसरा मरीज भी एक विद्यार्थी ही है जो लंदन से पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम आया था। इसे 20 मार्च को काकीनादा गवर्मेंट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
बता दें कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 161 पहुंच गई है। इनमें से 140 वो लोग हैं जो दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे या जो लोग इनके संपर्क में आए थे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से इस बात की जानकारी दी गई थी।
गौरतलब है कि दिल्ली के हजरत निमाजुद्दीन में तब्लीगी जमात मरकज में देशभर के विभिन्न राज्यों से लोग शामिल हुए थे, जिनमें से कई लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए है। इसके अलावा इनके संपर्क में आने वाले भी कई लोगों का टेस्ट पॉजीटिव पाया गया है। पिछले दिनों में देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में बड़ी तेजी से इजाफा हुआ है, शुक्रवार तक भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 2300 पहुंच गई थी।