Move to Jagran APP

पाकिस्तान की जेलों में हैं 445 भारतीय

पाकिस्तान की जेलों में कुल 445 भारतीय बंद हैं। इनमें ज्यादातर मछुआरे हैं। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने गुरुवार को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में यह बताया।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Thu, 25 Feb 2016 07:48 PM (IST)Updated: Thu, 25 Feb 2016 07:52 PM (IST)

नई दिल्ली। पाकिस्तान की जेलों में कुल 445 भारतीय बंद हैं। इनमें ज्यादातर मछुआरे हैं। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने गुरुवार को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में यह बताया। इसके अतिरिक्त माना जाता है कि 54 युद्धबंदियों समेत 74 गुमशुदा रक्षा कर्मी 1971 से पाकिस्तान की जेलों में हैं। सिंह ने कहा कि पाकिस्तान अपनी जेलों में युद्धबंदियों की मौजूद होने की बात स्वीकार नहीं करता है। उन्होंने कहा कि 392 भारतीय मछुआरे और 53 अन्य भारतीय वर्तमान में पाकिस्तान की हिरासत में हैं। सरकार उनकी जल्द रिहाई और उन्हें स्वदेश भेजने का मामला समय-समय पर पाकिस्तान के साथ उठाती है। उन्होंने बताया कि 2015 में विदेशी जल क्षेत्र में 1262 भारतीय मछुआरे गिरफ्तार किए गए।

loksabha election banner

हादसे के शिकार भारतीय
एक अन्य प्रश्न के जवाब में सिंह ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विदेश में विभिन्न त्रासदियों में 2102 भारतीय घायल हो गए या मारे गए। इनमें से 1575 को स्वदेश लाया गया।

सीरिया में भूमिका को तैयार
एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि जरूरत हुआ तो भारत सीरिया शांति वार्ता में सार्थक भूमिका निभाने को तैयार है। हालांकि उन्होंने कहा कि सीरिया सरकार ने इसके लिए भारत को आमंत्रण नहीं दिया है।

जब्त चंदन नेपाल भेजे गए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर को 2500 किलो चंदन की लकड़ी तोहफा में दिए जाने के सवाल पर सिंह ने कहा कि केवल सूखे पेड़ और जब्त चंदन वहां भेजे गए थे। इसलिए इसके स्थान पर नए पौधे लगाने का सवाल नहीं उठता है।

किशोर अपराध 47 फीसद बढ़ा
महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने गुरुवार को राज्यसभा को बताया कि 2010 से 2014 के बीच किशोरों द्वारा अपराध में 47 फीसद की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने लिखित जवाब में कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड्स ब्यूरो के डाटा में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2010 में किशोर अपराध के 22,740 मामले दर्ज किए गए। जबकि 2014 में यह बढ़कर 33,526 हो गया।

भ्रष्टाचार शिकायतों में 50 फीसद कमी
पिछले दो वर्षों में केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) को मिले भ्रष्टाचार की शिकायतों में करीब 50 फीसद की कमी आई है। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी। सीवीसी को पिछले साल 29,838 शिकायतें मिलीं। इससे पहले 2014 में उसे 62,362 शिकायतें मिली थीं। जबकि 2013 में सीवीसी को 31,432 शिकायतें मिली थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.