मेडिकल काउंसलिंग के बाद भी खाली रह गईं MBBS की 411 सीटें, किफायती शिक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
देश में मेडिकल काउंसलिंग के कई चरणों के बाद भी एमबीबीएस की 411 सीटें खाली रह गईं, जिससे किफायती चिकित्सा शिक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

मेडिकल काउंसलिंग के बाद भी खाली रह गईं MBBS की 411 सीटें। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
मेडिकल काउंसलिंग के बाद 411 एमबीबीएस सीटें खाली रहीं।
निजी कॉलेजों की अधिक फीस खाली सीटों का कारण।
किफायती चिकित्सा शिक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ीं।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में मेडिकल की पढ़ाई के लिए बड़ी संख्या में छात्र दाखिले का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मेडिकल काउंसलिंग के तमाम चरण पूरे होने के बावजूद एमबीबीएस की 411 सीटें खाली रह गई हैं। प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में अधिक फीस इन सीटों के खाली होने का कारण हो सकता है।
सीटें खाली रहने से देश में किफायती मेडिकल शिक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खास तौर पर प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की मेडिकल शिक्षा में लाखों रुपये लगते हैं। संभव है कि अधिक फीस के कारण अभ्यर्थियों ने इन मेडिकल कॉलेजों में दाखिला न लिया हो। हालांकि, इन सीटों के खाली रहने के पीछे की वजहों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) के सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए जारी सीट मैट्रिक्स में कुल 948 खाली एमबीबीएस सीटें शामिल थीं। इनमें से 537 सीटें उम्मीदवारों को आवंटित की गईं, जबकि 411 सीटें काउंसलिंग प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भी खाली रह गईं।
सूत्रों के मुताबिक पिछले साल खाली रह गईं सीटों के मुकाबले इस बार यह आंकड़ा काफी अधिक है। पिछले वर्ष काउंसलिंग के बाद महज 60 से 70 एमबीबीएस सीटें ही खाली रह गई थीं। इसके मुकाबले इस बार लगभग छह गुना अधिक सीटें खाली रह गई हैं।
एमसीसी ने अंडरग्रेजुएट मेडिकल काउंसलिंग के पहले के चरण पूरे होने के बाद बची हुई सीटों को भरने के लिए स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड आयोजित किया था। सुप्रीम कोर्ट ने कमेटी को काउंसलिंग के चार राउंड काउंसलिंग आयोजित करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बाद भी खाली सीटों को भरने के उद्देश्य से एमसीसी ने पांचवां राउंड भी आयोजित किया। इसके बावजूद 411 सीटें खाली रह गईं।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।