विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेघालय: सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस का रिसाव, असम के चार मजदूरों की मौत

Published: Mon, 28 Sep 2026 03:22 PM (IST)

मेघालय के साउथ गारो हिल्स में एक नए सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से असम के चार मजदूरों की मौत हो गई।

मेघालय में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से 4 मजदूरों की मौत

मेघालय में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से 4 मजदूरों की मौत

HighLights

  1. मेघालय में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से 4 मजदूरों की मौत।

  2. असम के साउथ सालमारा-मनकाचर जिले के थे सभी मृतक मजदूर।

  3. बचाव कार्य के दौरान दो दमकलकर्मी भी बेहोश, अस्पताल में भर्ती।

डिजिटल डेस्क, शिलांग। मेघालय के साउथ गारो हिल्स जिले में एक नये बने सेप्टिक टैंक में काम करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से असम के 4 मजदूरों की मौत हो गई।

हादसे के दौरान साथी मजदूरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। वहीं रेस्क्यू की कोशिश के दौरान दो फायरकर्मी भी जहरीली गैस के कारण सेप्टिक टैंक में बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

कैसे और कब हुआ हादसा

यह घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे रंगडोकराम गांव में हुई, जहां ये सभी मजदूर एक नए बने सेप्टिक टैंक से जुड़े निर्माण काम में लगे हुए थे।

अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पहले दो मजदूरों ने सेप्टिक टैंक को खोलने की कोशिश की वैसे ही जहरीली गैस के संपर्क में आते ही वे अचानक बेहोश होकर टैंक के अंदर गिर पड़े।

उन दोनों मजदूरों को गिरता देख दो अन्य मजदूर तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन वे भी टैंक से निकल रही जहरीली गैस की चपेट में आ गए और अंदर ही बेहोश हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने शुरुआती जांच में मजदूरों की मौत का कारण सेप्टिक टैंक के अंदर जमा जहरीली गैस बताई है। हालांकि घटना की असली वजह जानने के लिए पुलिस अधिकारी अभी मामले की जांच कर रहे हैं।

काफी मशक्कत के बाद मजदूर बाहर निकाले

घटना की जैसे ही सूचना मिली पुलिस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम मौके पर पहुंची और मजदूरों को निकालने की कोशिश में जुट गई। सेप्टिक टैंक के पूरी तरह से जमीन के नीचे होने के कारण पीड़ितों तक सीधे पहुंचना बेहद मुश्किल साबित हुआ।

बचाव दल ने टैंक में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए आस-पास की मिट्टी खोदी। ऑपरेशन के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से दो दमकलकर्मी भी बेहोश हो गए।

जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद चारों मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

एक ही जिले के रहने वाले थे चारों

हादसे में जान गंवाने वाले चारों मजदूर एक ही जिले के रहने वाले थे। चारों मजदूर असम के साउथ सालमारा-मनकाचर जिले के रहने वाले थे।

मृतकों की पहचान 34 साल के मोफिदुर रहमान, 41 साल के अजियर रहमान, 20 साल के इस्माइल हुसैन और 22 साल के रकीब हुसैन के तौर पर हुई है।

मोफिदुर रहमान और अजियर रहमान पुरानदियारा के रहने वाले थे। जबकि इस्माइल हुसैन कालापानी और रकीब हुसैन राधामाधव हाट के रहने वाले थे।

घुटन के कारण हुआ हादसा

पुलिस मामले की लगातार जांच कर रही है। लेकिन शुरुआती जांच के मुताबिक सेप्टिक टैंक बंद जगह में बना था और उसमें हवा के आने-जाने या गैस निकलने की सही व्यवस्था नहीं थी,

जिस कारण अंदर हाइड्रोजन सल्फाइड और मीथेन जैसी जानलेवा गैसें काफी मात्रा में जमा हो गईं। अधिकारी मौत के सही कारण की पुष्टि के लिए मामले की कानूनी और तकनीकी जांच में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें- मेघालय में पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गिरोह के 4 बदमाश ढेर, नाका चेकिंग के दौरान हुई गोलीबारी