यमन के नोकोट्रा द्वीप पर चक्रवाती तूफान में फंसे 38 भारतीय सुरक्षित वतन लौटे
भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सुनयना भारतीयों को सकुशल निकालने के बाद पोरबंदर लौट आया है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। यमन के नोकोट्रा द्वीप पर फंसे 38 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सुनयना भारतीयों को सकुशल निकालने के बाद गुरुवार सुबह पोरबंदर लौट आया है। 10 दिन पहले कुछ भारतीय चक्रवात के कारण वहां फंस गए थे। जिनको बचाने के लिए भारत की नौसेना द्वारा 'आपरेशन निस्तार' चलाया गया था। जिसमें रविवार को इसमे सफलता हाथ लगी थी।
बता दें कि सभी 38 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाल कर उन्हे नौसेना के जहाज आईएनएस सुनयना से भारत ले आया गया है। निकाले गए सभी लोगो को चिकित्सा उपलब्ध कराई गई साथ ही खाना और टेलीफोन सुविधा मुहैया कराई गई। भयानक चक्रवाती तूफान मेकेनु न यमन के नोकोट्रा द्वीप को 24 मई को पार किया था। जिसमें 38 भारतीय सीमित भोजन पानी के साथ फंसे हुए थे। वही नौसेना को इस बात की जानकारी मिली थी की 3 भारतीय जहाज चक्रवात के टकराने से इस इलाके में क्षतिग्रस्त हो गए है और बंदरगाह के समीप डूब गए है। नौसेना को जब 12 भारतीयों के लापता होने के साथ अन्य जहाज एमएसवी सफीना अल खिजर के बारे में सूचना मिली थी उसके बाद ही 27 और 28 मई को नौसेना द्वारा अभियान चलाया गया था।
दस दिन तक वहां फंसे रहे 38 भारतीयों को नौसेना ने गत तीन जून को तड़के सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद जहाज ने अन्य व्यक्तियों के जीवित होने की संभावना के मद्देनजर क्षेत्र की गहन तलाश भी की और हवाई टोह भी ली गई। उसके बाद सुरक्षित निकाले गये भारतीयों को लेकर आईएनएस सुनयना पोरबंदर पहुंच गया है।
रियर एडमिरल संजय रॉय ने बचाए गए लोगो की अगवानी की। सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद सभी को प्रशासन को सौंप दिया गया ताकि उनके मूल स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा सके।
--------