फैक्ट्री से गैस लीक होने पर 31 बंदर और 14 कबूतरों की मौत
महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक औद्योगिक इकाई से गैस लीक के चलते 31 बंदरों और 14 कबूतरों की मौत हो गई।
रायगढ़ (महाराष्ट्र), प्रेट्र। महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक औद्योगिक इकाई से गैस लीक के चलते 31 बंदरों और 14 कबूतरों की मौत हो गई। यह इकाई कर्णला पक्षी विहार से लगभग 10 किमी दूर पनवेल तालुका के पोसरी क्षेत्र में स्थित है। यह हादसा तो गुरुवार को हुआ था, लेकिन वन्यजीवों को इसकी खबर शनिवार को लगी। जानवरों के शवों को पास में ही गड्ढे में दफना दिया गया।
रायगढ़ के जिलाधीश विजय सूर्यवंशी ने बताया कि भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड की एक इकाई से गैस लीक होने के चलते यह हादसा हुआ है। पहले यह इकाई हिंदुस्तान आर्गेनिक केमिकल लिमिटेड के स्वामित्व में थी। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया किसी भी स्तर से लापरवाही की बात सामने नहीं आई है। हालांकि उन्होंने मुख्य वन संरक्षण अधिकारी और इसरो को गैस लीक की वजहों का पता लगाने का निर्देश दिया है।
इस मामले में पुलिस ने बीपीसीएल से जुड़े सात लोगों और एक जेसीबी मशीन के ड्राइवर को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
रायगढ़ में औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य निदेशालय (डीआइएसएच) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी हादसे की वजह गैस लीक होना बताया है। वहीं मुख्य वन संरक्षक एसआर कदम ने बताया कि वन विभाग की सूचना पर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया।