असम में पुलिस फायरिंग, 30 घायल, भाजपा पर हिंसा फैलाने का आरोप
गुवाहाटी। असम के कछार जिले के रूंगपुर में रविवार देर रात फैली सांप्रदायिक हिंसा में पुलिस फायरिंग में 30 लोग घायल हो गए। इनमें पुलिस अधीक्षक सहित सात अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हिंसा के बाद हालात को काबू करने के लिए सेना को बुलाया गया है। मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने विहिप-भाजपा पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है
गुवाहाटी। असम के कछार जिले के रूंगपुर में रविवार देर रात फैली सांप्रदायिक हिंसा में पुलिस फायरिंग में 30 लोग घायल हो गए। इनमें पुलिस अधीक्षक सहित सात अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हिंसा के बाद हालात को काबू करने के लिए सेना को बुलाया गया है। मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने विहिप-भाजपा पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है।
सूत्रों के अनुसार रूंगपुर के तीन पूजा स्थलों पर आपत्तिजनक सामान मिलने के बाद हिंसा भड़क उठी। भीड़ ने पथराव व आगजनी करते हुए कई वाहनों को फूंक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना चाहा, लेकिन हिंसक होती भीड़ को काबू करने के लिए उसे गोली चलानी पड़ी। हिंसा में पुलिस अधीक्षक दिगांता बोरा सहित तीस लोग घायल हो गए। सभी को सिल्चर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार हालात पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद [विहिप] व भाजपा पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों सांप्रदायिक दल हैं। विहिप ने ही सांप्रदायिक तनाव फैलाया और सिल्चर क्षेत्र में धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विहिप ने प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की है, लेकिन असम की जनता जागरूक है। प्रशासन को ऐसे हालातों से सख्ती से निपटने को कहा गया है। गोगोई ने कहा कि विहिप व संघ परिवार के अन्य घटक राम मंदिर मुद्दे को लेकर प्रदेश में रथ यात्रा निकालना चाहते हैं, लेकिन राज्य सरकार इसकी इजाजत नहीं देगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर