केरल: दुष्कर्म का आरोपी दूसरा पादरी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
दुष्कर्म के आरोप में केरल पुलिस ने तिरुवनंतपुरम से शुक्रवार को दूसरे आरोपित पादरी को भी गिरफ्तार कर लिया।
तिरुवनंतपुरम, प्रेट्र। विवाहिता से दुष्कर्म के आरोप में केरल पुलिस ने तिरुवनंतपुरम से शुक्रवार को दूसरे आरोपित पादरी को भी गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य आरोपित पादरियों की पुलिस तलाश कर रही है। मालूम हो कि केरल हाई कोर्ट की कोच्चि खंडपीठ ने आरोपित चार पादरियों में से तीन की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा था कि पादरियों ने द¨रदों जैसा काम किया है। इसके बाद आरोपित पादरी जॉब मैथ्यू ने आत्म समर्पण कर दिया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानसन पी. मैथ्यू नाम के जिस पादरी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया, उसकी अग्रिम जमानत की याचिका कोर्ट में सुनवाई के लिए लंबित है। उससे क्राइम ब्रांच पूछताछ कर रही है। जानसन की गिरफ्तारी को लेकर कोर्ट के आदेश के बाबत पूछे जाने पर क्राइम ब्रांच ने ऐसे किसी आदेश से इन्कार किया है।
यह पूरा मामला उस समय प्रकाश में आया जब महिला के पति ने पादरियों के कृत्य की शिकायत चर्च के अधिकारियों से की। इस पूरी चर्चा का आडियो क्लिप सामने आने के बाद मामला गरमा गया। महिला ने पांच पादरियों पर आरोप लगाए थे, लेकिन एक के खिलाफ सुबूत नहीं होने के चलते चार को ही आरोपित बनाया गया है।