270 प्रबुद्ध लोगों ने की नए संसद भवन के उद्घाटन के बायकाट की आलोचना, विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना
देश के 270 प्रबुद्ध लोगों ने कांग्रेस की ओर से नए संसद भवन के उद्घाटन के बायकाट की आलोचना की है। प्रबुद्ध लोगों ने कहा है कि यह सभी भारतीयों के लिए एक गौरव का क्षण है लेकिन विपक्षी पार्टियां अपरिपक्व और अतार्किक तर्क दे रही हैं। फाइल फोटो।
नई दिल्ली, पीटीआई। देश के 270 प्रबुद्ध लोगों ने कांग्रेस की ओर से नए संसद भवन के उद्घाटन के बायकाट की आलोचना की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि परिवार पहले का समर्थन करने वाली पार्टियां विरोध में एक साथ आ गई हैं। कांग्रेस के कदम की आलोचना करने वालों में पूर्व अधिकारी, राजदूत और पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल हैं।
विपक्षी पार्टियां दे रही हैं अतार्किक तर्क
प्रबुद्ध लोगों ने कहा है कि यह सभी भारतीयों के लिए एक गौरव का क्षण है, लेकिन विपक्षी पार्टियां अपरिपक्व और अतार्किक तर्क दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, जिन्होंने अपनी नीतियों और रणनीतिक दृष्टिकोण से भारतीयों को प्रेरित किया है, वे कांग्रेस और अन्य विपक्ष दलों को नहीं सुहा रहे हैं। इस संयुक्त बयान पर 88 पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, 100 पूर्व सैन्य अधिकारी और 82 शिक्षा क्षेत्र के दिग्गजों ने हस्ताक्षर किए हैं।
देश प्रथम की नीति पर चल रही है सरकार
बयान जारी करने वालों में एनआइए के पूर्व निदेशक वाई सी मोदी, पूर्व आइएएस अधिकारी आर डी कपूर, गोपाल कृष्ण आदि शामिल हैं। अपने बयान में उन्होंने कहा है कि सरकार देश प्रथम की नीति पर चल रही है, जबकि विरोध करने वाली पार्टियां परिवार प्रथम की नीति को आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार को प्राथमिकता देने वाली पार्टियां भारत पहले दृष्टिकोण के साथ कैसे सामंजस्य स्थापित कर सकती हैं। यही कारण है कि वे भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सभी चीजों का बहिष्कार करने के लिए एक साथ आए हैं।