देश में सात दिनों में 27 लाख बढ़े कोरोना संक्रमित, महाराष्ट्र में 31 मार्च के बाद पहली बार 40000 से कम मिले मामले
दुनिया के किसी भी अन्य देशों की तुलना में भारत में कोरोना महामारी की स्थिति बेहद गंभीर है। विश्व में जहां समग्र रूप से पिछले सात दिनों के दौरान संक्रमण के नए मामलों में पांच फीसद की कमी आई है वहीं भारत में पांच फीसद मामले बढ़े हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। दुनिया के किसी भी अन्य देशों की तुलना में भारत में कोरोना महामारी की स्थिति बेहद गंभीर है। विश्व में जहां समग्र रूप से पिछले सात दिनों के दौरान संक्रमण के नए मामलों में पांच फीसद की कमी आई है, वहीं भारत में पांच फीसद मामले बढ़े हैं। इस दौरान वैश्विक स्तर पर मृतकों की संख्या चार फीसद कम हुई है, जबकि भारत में 14 फीसद बढ़ी है।
भारत में पांच फीसद मामले बढ़े, दुनिया में पांच फीसद मामले कम हुए
वर्ल्डोमीटर के आंकड़ों के मुताबिक पिछले सात दिनों में पूरी दुनिया में 54,40,597 नए मामले मिले, जबकि भारत में 27,42,695 संक्रमित पाए गए। इस तरह पिछले हफ्ते संक्रमित होने वाला दुनिया का हर दूसरा व्यक्ति भारतीय था। इससे पहले के हफ्ते में विश्व में 57,06,729 और भारत में 26,13,415 संक्रमित पाए गए थे। इस तरह भारत में जहां पांच फीसद मामले बढ़े वहां दुनिया भर में पांच फीसद मामले कम हुए।
सात दिनों में दुनिया में 89,976 लोगों की मौत
पिछले सात दिनों में दुनिया में 89,976 लोगों की मौत हुईं। उससे पहले वाले हफ्ते में 93,797 लोगों की जान गई थी। भारत में जहां पिछले सात दिनों में 27,201 लोगों की मौत हुई वहीं उससे पहले वाले हफ्ते में 23,829 लोगों की मौत कोरोना के चलते हुई थी। इसके मुताबिक दुनिया में मरने वालों की संख्या जहां चार फीसद कम हुई, वहीं भारत में 14 फीसद बढ़ी।
दो महीने बाद पहली बार नए मामलों से ज्यादा मरीज हुए ठीक
11 मार्च के बाद पहली बार नए मामलों से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। 24 घंटे के दौरान 3,11,325 नए मामले मिले हैं, जिसमें छत्तीसगढ़, झारखंड और कुछ अन्य छोटे राज्यों के मामले शामिल नहीं हैं। जबकि, 3,35,645 मरीज ठीक हुए हैं। अगर उपरोक्त राज्यों के मामलों को भी कर लिया जाए तो ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए मामलों की संख्या नहीं जाएगी। एक दिन पहले भी चार लाख से कम नए केस मिले थे। इस दौरान 3,576 लोगों की जान गई है। लगातार दूसरे दिन चार हजार से कम मौतें हुई हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ 29 लाख 73 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ 90 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और 2,49,724 लोगों की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामलों में भी लगभग 30 हजार की कमी हुई है और वर्तमान में यह 37,13,243 हैं। रविवार को 37,41,368 सक्रिय मामले थे।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा नए केस
देश के किसी राज्य की तुलना में सोमवार को कर्नाटक में सबसे ज्यादा 39,035 नए मामले सामने आए। इससे पहले तक महाराष्ट्र में सर्वाधिक मामले मिल रहे थे, लेकिन महाराष्ट्र में सोमवार को 37,236 केस पाए गए। मौतें भी कर्नाटक में सबसे ज्यादा 596 हुई। जबकि महाराष्ट्र में 541, दिल्ली में 319, उत्तर प्रदेश में 278, तमिलनाडु में 232, हरियाणा में 161, राजस्थान में 160, बंगाल में 134 और गुजरात में 117 और लोगों की मौत हुई है।
रविवार को 14.74 लाख कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए रविवार को देश भर में 14,74,606 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 30 करोड़ 37 लाख 50 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।
महाराष्ट्र में 31 मार्च के बाद पहली बार 40 हजार से कम मिले मामले
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले 31 मार्च के बाद पहली बार एक दिन में 40 हजार से नीचे आए हैं। राज्य में 37,236 मामले पाए गए हैं और 549 लोगों की मौत हुई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार 50 हजार से ज्यादा मामले मिल रहे थे। नए आंकड़ों के साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 51.38 लाख हो गई है और अब तक 76,398 लोगों की जान भी जा चुकी है। लोकल सर्किल नामक एक संस्था की तरफ से कराए गए सर्वे में 84 फीसद लोगों ने कर्फ्यू की अवधि बढ़ाकर 31 मई तक करने की बात कही है।
सर्वाधिक नए केस वाले राज्य
राज्य नए मामले कुल संक्रमित (लाख में)
कर्नाटक 39,035 19.73
महाराष्ट्र 37,237 51.38
तमिलनाडु 28,978 14.09
केरल 27,487 19.30
उत्तर प्रदेश 21,277 15.24
बंगाल 19,445 10.12
राजस्थान 16,487 7.73
आंध्र प्रदेश 14,986 13.02
दिल्ली 12,651 13.36
हरियाणा 12,618 6.28