विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

26/11 के 18 साल बाद भी बेनकाब नहीं हुआ मेजर जनरल, कसाब को दी थी ट्रेनिंग

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:49 PM (IST)

मुंबई में 26/11 आतंकी हमलों के 18 साल बाद भी आतंकियों को प्रशिक्षित करने वाले 'मेजर जनरल साहब' की पहचान रहस्य बनी हुई है।

कसाब को ट्रेनिंग देने वाले मेजर जनरल की पहचान 18 साल बाद भी अज्ञात (बाईं तरफ आतंकी कसाब, दाईं ओर हमलों के दौरान होटल ताज)

कसाब को ट्रेनिंग देने वाले मेजर जनरल की पहचान 18 साल बाद भी अज्ञात (बाईं तरफ आतंकी कसाब, दाईं ओर हमलों के दौरान होटल ताज)

HighLights

  1. 26/11 मुंबई हमलों को 18 साल पूरे हो गए।

  2. आतंकियों को प्रशिक्षित करने वाले मेजर जनरल की पहचान अज्ञात।

  3. कसाब ने पूछताछ में मेजर जनरल की भूमिका बताई थी।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमलों को 18 साल हो चुके हैं। हमले में पाकिस्तानी सेना और आइएसआइ की भूमिका स्थापित हो चुकी है, लेकिन साजिश में शामिल एक अधिकारी की पहचान अब भी रहस्य है। आरोपपत्रों और मुकदमे के दस्तावेजों में उसका उल्लेख “आरोपी नंबर 20: मेजर जनरल साहब—नाम अज्ञात” के रूप में है।

सोशल मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 2009 के आरोपपत्र में नामजद 32 पाकिस्तानियों में वही एक है, जिसकी पहचान नहीं हो पाई। हमले के बाद जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकी अजमल कसाब ने पूछताछ में बताया था कि इस अधिकारी ने 26 नवंबर, 2008 को मुंबई पर हमला करने वाले 10 आतंकियों के प्रशिक्षण में भूमिका निभाई थी।

कसाब और डेविड हेडली के बयानों पर आधारित एनआईए के आरोपपत्र में पाकिस्तानी सेना के कई अधिकारियों के नाम थे। इनमें मेजर जनरल मुहम्मद खालिद राव, स्पेशल कम्युनिकेशंस ऑर्गेनाइजेशन के कर्नल सादातुल्ला, मेजर इकबाल और उनके वरिष्ठ लेफ्टिनेंट कर्नल हमजा शामिल थे। हालांकि, ‘मेजर जनरल साहब’ की कोई ज्ञात तस्वीर या रेखाचित्र नहीं है। उसकी पहचान का एकमात्र सुराग कसाब से पुलिस की पूछताछ की रिपोर्ट है।

आठ सप्ताह के प्रशिक्षण की निगरानी

मुंबई पुलिस को दिए बयान में कसाब ने लश्कर-ए-तय्यबा और पाकिस्तानी सेना की ओर से दिए गए प्रशिक्षण के अलग-अलग स्तरों का वर्णन किया। उसके मुताबिक, मुजफ्फराबाद स्थित लश्कर के प्रशिक्षण शिविर में एक अनजान शख्स आता था। हाफिज सईद और लखवी उससे मिले और गले लगे। इसके बाद उसे ‘मेजर जनरल’ कहा जाने लगा। कसाब ने बताया कि इस अधिकारी ने आठ सप्ताह के प्रशिक्षण की निगरानी की, जिसने उन्हें “पक्के जिहादी” बनाया।

कसाब के अनुसार, अगस्त 2008 में वह अधिकारी भर्ती किए गए लोगों का “हौसला बढ़ाने” शिविर में फिर आया और उससे पूछा कि क्या उसे तैरना आता है। बाद में उसने सईद और लखवी से अलग बातचीत की। लखवी ने आतंकियों से कहा कि मेजर जनरल उनकी तैयारी परखना चाहते हैं। सईद के निर्देश पर 10 आतंकियों ने निशानों पर गोलियां चलाईं।

कसाब ने कहा कि अभ्यास के बाद अधिकारी ने उसकी पीठ थपथपाई थी। 26 नवंबर की रात 10 आतंकियों ने मुंबई के चुनिंदा ठिकानों पर हमला किया था। इसमें 26 विदेशियों समेत 170 से अधिक लोग मारे गए। आतंकियों ने दो पंचतारा होटलों में कई लोगों को 60 घंटे तक बंधक बनाए रखा था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।