हरियाणा में मिले हड़प्पाकालीन 22 नरकंकाल
हरियाणा के राखी गढ़ी में हड़प्पाकालीन समय का कब्रिस्तान मिलने से पुरातत्व विशेषज्ञों को बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस कब्रिस्तान में 22 कंकाल मिले हैं।
सुनील मान, नारनौंद। वर्ल्ड हैरिटेज में शुमार हरियाणा के राखी गढ़ी में टीले नंबर सात पर हड़प्पाकालीन समय का कब्रिस्तान मिलने से पुरातत्व विशेषज्ञों को बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस कब्रिस्तान में 22 कंकाल मिल चुके हैं, जिनमें से तीन कंकाल पूरी तरह से सही सलामत मिले हैं। इन कंकालों का डीएनए टेस्ट पूना की डेक्कन यूनिवर्सिटी में करवाया जाएगा। बता दें कि पिछले साल मिले नर कंकालों की डीएनए रिपोर्ट लगभग तैयार हो चुकी है। जल्द ही यह सार्वजनिक होने वाली है।
पढ़ें- राखीगढ़ी में हड़प्पाकाल के मिले पांच और कंकाल
गांव राखी गढ़ी के टीले नंबर सात पर पूना की डेक्कन यूनिवर्सिटी के छात्र खोदाई कर रहे हैं। टीला नंबर सात लगभग 9 एकड़ भूमि में फैला है। इनमें से कुछ भूमि को चिह्न्ति कर खुदाई का काम शुरू किया गया तो खुदाई के दौरान बड़ा कब्रिस्तान मिला है।
कंकालों के पास मिले हैं बर्तन
कब्रिस्तान में बिल्कुल साथ लगते कंकाल मिले हैं, इनमें महिला, पुरुष व बाों के कंकाल शामिल हैं। पांच कंकाल पूरी तरह से सलामत मिल पाए हैं। कंकालों में से एक महिला का है। महिला के हाथ में एक कड़ा पाया गया है और उसके गले के पास कुछ मनके भी मिले हैं। अनुमान है कि महिला के गले में मनकों की माला डाली होगी। सभी कंकालों के पास बर्तन भी मिले हैं। कुछ कंकालों के पास सिर्फ चार पांच बर्तन तो कुछ कंकालों के पास दर्जनों बर्तन मिले हैं।
पूना की लैब में होगा डीएनए टेस्ट
भारत में पिछले साल मिले कंकालों का डीएनए टेस्ट कोरिया में करवाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन पूना यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र कोरिया की फोरेंसिक लैब में जाकर वहां के वैज्ञानिकों से विशेष टेनिंग लेकर आए थे और उन सभी कंकालों का डीएनए टेस्ट भारत में ही किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो सभी कंकालों का डीएनए पूना की डेक्कन यूनिवर्सिटी में ही किया जाएगा।
पिछले साल मिले थे चार कंकाल
खुदाई में लगे पूना यूनिवर्सिटी के छात्र किम, अमृता, एलोरा ने बताया कि सबसे पहले इस जगह का ग्राउंड पैनेटिंग सर्वे करवाया गया था। उससे पता चला था कि टीले नंबर सात पर हड़प्पाकालीन सभ्यता के लोगों के कंकाल मिल सकते हैं। पिछली साल चार कंकाल और इस बार 22 कंकाल मिल चुके हैं।