17 नाबालिग समेत 32 मजदूर मुक्त, दलाल गिरफ्तार
झारखंड के रहने वाले 32 मजदूरों को रेलवे स्टेशन से मुक्त करा लिया गया है। इसमें 17 किशोर-किशोरी भी शामिल हैं।
मेदिनीनगर (जागरण संवाददाता)। गढ़वा जिले (झारखंड) के रमकंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले 32 मजदूरों को पलामू पुलिस की पहल पर शनिवार की शाम डालटनगंज रेलवे स्टेशन से मुक्त करा लिया गया है। इसमें 17 किशोर-किशोरी भी शामिल हैं। पुलिस ने दलाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसका नाम राहुल तिवारी बताया जाता है।
छापेमारी टीम का नेतृत्व महिला थाना प्रभारी दुल्लर चौड़े कर रहीं थीं। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी थी कि रेलवे स्टेशन पर नाबालिग किशोर-किशोरी मौजूद हैं। मामले की तहकीकात करने स्टेशन पहुंची तो पाया कि मजदूरों को दूसरे प्रदेश भेजने की तैयारी चल रही है। इस बीच छापेमारी करते हुए सभी लोगों को संरक्षा में ले लिया गया, साथ ही दलाल राहुल तिवारी को गिरफ्तार किया गया। 17 किशोर-किशोरियों को बाल सुधार गृह में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि लड़कियों की उम्र 12 से 17 वर्ष के बीच है। पूरे मामले की तहकीकात की जाएगी। वहीं गिरफ्तार दलाल ने पुलिस को बताया कि वह सभी को धनकटनी के लिए बिहार के रोहतास जिले में ले जा रहा था। इधर, मजदूरों ने बताया कि दलाल गांव से सभी 32 लोगों को ले जाने की बात कह उन्हें लेकर आया था। लेकिन रेलवे स्टेशन पर सभी को ले जाने से इन्कार कर दिया। कहने लगा कि महज 12 लोगों को ही ले जाएंगे, इस पर मजदूरों ने विरोध किया।