विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु में 16 साल लड़के ने की आत्महत्या, मां का आरोप- स्कूल में बीफ खाने को लेकर उड़ाया मजाक

Published: Fri, 23 Oct 2026 10:04 AM (GMT+05:30)

कोयंबटूर में 11वीं के छात्र ने बीफ खाने को लेकर सहपाठियों और शिक्षक द्वारा प्रताड़ित किए जाने के आरोप के बाद आत्महत्या कर ली।

तमिलनाडु में छात्र की आत्महत्या को लेकर बवाल।

तमिलनाडु में छात्र की आत्महत्या को लेकर बवाल।

HighLights

  1. 11वीं के छात्र ने कोयंबटूर में आत्महत्या की।

  2. बीफ खाने पर सहपाठियों और शिक्षक ने प्रताड़ित किया।

  3. शिक्षक, प्रधानाध्यापक और छात्रों पर मामला दर्ज।

डिजिटल डेस्क, कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 11वीं के छात्र ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि पीलामेडु इलाके में सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल में पढ़ने वाले इस छात्र को बीफ खाने को लेकर उसके दो सहपाठियों और एक शिक्षक ने परेशान किया था।

कोयंबटूर के पीलमेडु के पास अविनाशी रोड पर स्थित श्री के.के. नायडू हायर सेकेंडरी स्कूल के क्लास टीचर विजयकुमार, हेडमास्टर अरुण कुमार और दो छात्रों के खिलाफ पीलमेडु पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य अपराधों के आरोप में मामला दर्ज किया है।

मां ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस ने मृतक छात्र की पहचान 16 साल के ए. अकिलन के रूप में की है। उसके पिता का नाम अशोक कुमार और मां का नाम कौशल्या देवी है। कुमार मुन्नार के एक रिसॉर्ट में लॉन्ड्री मैनेजर के तौर पर काम करते हैं, जबकि कौशल्या घरों में काम (घरेलू सहायिका) करती हैं।

बुधवार को दोपहर करीब 1 बजे काम से घर लौटने पर कौशल्या ने अपने बेटे को बेडरूम की छत से लटका हुआ पाया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

टीचर ने पूछा था बीफ खाने को लेकर सवाल

पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कौशल्या ने बताया कि कुछ महीने पहले उनके बेटे के क्लास टीचर ने अनुसूचित जाति (SC) के छात्रों का स्कॉलरशिप स्कीम के लिए रजिस्ट्रेशन करते समय क्लास में पूछा कि कौन-कौन बीफ खाता है। इस पर अकिलन और एक अन्य छात्र खड़े हो गए।

उन्होंने बताया कि इसके बाद अकिलन के दो सहपाठियों ने उसकी जाति का नाम लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उन्होंने उसके साथ मारपीट भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अकिलन ने इस बारे में शिक्षक और प्रधानाध्यापक से शिकायत की तो उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 115(2) और 108, तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बुधवार शाम को अकिलन के माता-पिता और रिश्तेदारों ने पुलिस स्टेशन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले की उचित जांच करने और शिक्षक तथा प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार करने की मांग की। पोस्टमार्टम न हो पाने की वजह से गुरुवार रात तक शव परिवार को नहीं सौंपा गया।

पुलिस उपायुक्त थंगादुरई ने बताया कि पुलिस आयुक्त स्तर पर मामले की जांच चल रही है। बाल कल्याण समिति भी इस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: महंगी फीस बनी रुकावट, तमिलनाडु-पुडुचेरी में नहीं भर पाईं 800 से ज्यादा MBBS सीटें