महात्मा गांधी की जयंती पर ITBP ने 10 साइकिल रैलियों का राजघाट पर किया आयोजन
महात्मा गांधी की जयंती पर आज राजघाट पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा 10 साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। आजादी का अमृत महोत्सव-भारत की आजादी के 75 साल का जश्न मनाते हुए इसका आयोजन किया गया। इन रैलियों ने कुल मिलकर 16426 किलोमीटर की दूरी तय की।
नई दिल्ली, एएनआइ। महात्मा गांधी की जयंती पर आज राजघाट पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा 10 साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। आजादी के 75 साल का जश्न मनाते हुए इसका आयोजन किया गया। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से शुरू होकर इन रैलियों ने आज 2 अक्टूबर 2021 को दिल्ली के राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए देश के दूरदराज के इलाकों से हजारों किलोमीटर की दूरी तय की। इन रैलियों ने कुल मिलकर 16,426 किलोमीटर की दूरी तय की।
रैली के प्रतिभागियों ने प्रतिदिन 40-50 किमी की दूरी तय की और लेह, पालमपुर, गुरदासपुर, लुधियाना, जींद, रोहतक, सर छोटू राम नगर और अन्य स्थानों से होते हुए राजघाट पहुंचे। रास्ते में साइकिल रैली द्वारा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों जैसे ऐतिहासिक महत्वपूर्ण स्थानों पर जाकर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। 21 सितंबर 2021 को रैली स्वतंत्रता सेनानी सुखदेव सिंह की जन्मस्थली लुधियाना पहुंची। उन्होंने जगराओं (पंजाब) में शहीद सुखदेव सिंह के वंशजों को सम्मानित किया।
राष्ट्रपति कोविन्द से लेकर पीएम सहित तमाम दिग्गजों ने राजघाट पर किया नमन
बता दें कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। इस खास अवसर पर देश उन्हें याद कर रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह से लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी ने नमन किया है। आज सुबह राजघाट पर पुहंच कर राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री और दिग्गज नेताओं ने पुष्प अर्पित कर नमन किया। राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने भी राजघाट पर सुबह पहुंच कर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दो ट्वीट किए हैं। अपने पहले ट्वीट में पीएम ने लिखा,' महात्मा गांधी के महान सिद्धांत विश्व स्तर पर प्रासंगिक हैं और लाखों लोगों को ताकत देते हैं। वहीं अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया है। उन्होंने लिखा,' पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित उनका जीवन देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।